लोकनायक बिरसामुण्डा की जयन्ती पर 23 से 26 नवम्बर तक आयोजित कार्यक्रम जनजाति समुदाय के अतुलनीय योगदान को रेखांकित करेगा-जयवीर सिंह

0
3
Advertisement

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने कहा है कि भारतीय सभ्यता और संस्कृति में जनजातीय समुदाय के अतुलनीय योगदान को रेखांकित करने और लोक नायक बिरसामुण्डा की जयन्ती पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 23 से 26 नवम्बर, 2026 तक यूपी दर्शन पार्क गोमतीनगर लखनऊ में जनजातीय गौरव पखवाड़ा और अन्तर्राष्ट्रीय जनजातीय भागीदारी उत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य जनजातीय समुदाय के रहन सहन, लोककला, विविधता, संस्कृति तथा समृद्ध विरासत को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना है। इन सभी कार्यक्रमों में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। उन्होंने राजधानीवासियों से अपील किया कि इस आयोजन में बढ़ चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करें।
पर्यटन मंत्री गुरूवार को लोक भवन में अन्तर्राष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव के बारे में प्रेस प्रतिनिधियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारम्भ 23 नवम्बर, 2026 को प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी करेंगे। इसी दिन 1090 चौराहे से एक सांस्कृतिक समागम का आयोजन किया जायेगा, जिसमें विभिन्न राज्यों के 250 कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देगे और समागम यात्रा निकाली जायेगी। 25 एवं 26 नवम्बर, 2026 को कजाकिस्तान, जिम्बाम्बे एवं मालद्वीप के कलाकार प्रस्तुतियां देगे।
कलाकार सहभागिता उत्सव में 12 राज्यों जिसमें महाराष्ट्र, सिक्किम, उड़ीसा, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, बिहार, उत्तराखण्ड, पश्चिम बंगाल, असम, झारखण्ड और उत्तर प्रदेश के 500 से अधिक कलाकार पारम्परिक नृत्य, संगीत और वाद्ययंत्रों का प्रदर्शन करेंगे। इस आयोजन में हस्तशिल्प और कला मेला में 70 से अधिक हस्तशिल्प स्टॉल लगाये जा रहे हैं। इसके अलावा व्यंजन मेेला के अंतर्गत जेवनार एवं देशी स्वाद नाम से व्यंजन मेले के स्टॉल भी लगाये जायेंगे। साहित्यिक एवं विकास मंच को प्रोत्साहित करते हुए जनजाति साहित्य को समेटे जनजातीय लोककला एवं बोली विकास अकादमी जनजातीय संग्रहालय भोपाल, मध्य प्रदेश एवं अन्य प्रकाशनों द्वारा पोथी घर के साथ अन्य स्टॉल लगाये जायेंगे।
कार्यक्रम में धरती आबा नाटक का मंचन किया जायेगा। साथ ही जनजातीय समाज के उत्थान और विकास पर संगोष्ठियांे का भी आयोजन होगा। शिल्प मेले का आयोजन प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतिदिन सायं 05 बजे से प्रारम्भ होगा। मेले का समापन रात्रि 09 बजे तक होगा। इस भव्य आयोजन उ0प्र0 लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, जनजाति विकास विभाग, ट्राइवल रिसर्च इस्टीट्यूट, समाज कल्याण विभाग, पर्यटन व संस्कृति विभाग, उ0प्र0 द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। आयोजनों के बारे में उ0प्र0 लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान लखनऊ के निदेशक श्री अतुल द्विवेदी ने विस्तार से जानकारी दी।
प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान संस्कृति निदेशक श्री संजय कुमार सिंह, विशेष सचिव संस्कृति दीपा रंजन, उपनिदेशक समाज कल्याण प्रियंका सिंह तथा सहभागी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisement
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here