विश्व धरोहर सप्ताह के अवसर पर उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक विरासत पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ

0
2
Advertisement

विश्व धरोहर सप्ताह के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय, लखनऊ एवं इतिहास विभाग, बाबा साहब भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में आज गौतम बुद्ध केंद्रीय ग्रन्थालय, बाबा साहब भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक विरासत पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशक श्रीमती रेनू द्विवेदी ने कुलपति को प्रदर्शनी में प्रदर्शित छायाचित्रों के माध्यम से प्रदेश के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों तथा विभाग द्वारा किए जा रहे संरक्षण एवं अनुरक्षण कार्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर निदेशक श्रीमती रेनू द्विवेदी द्वारा कुलपति को पौधा एवं स्मारक का पोर्ट्रेट भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रदर्शनी में निदेशालय द्वारा विभिन्न संरक्षित स्मारकों पर कराए जा रहे बृहद अनुरक्षण एवं संरक्षण कार्यों के छायाचित्रों के साथ-साथ प्रदेश के महत्वपूर्ण संरक्षित स्मारकों एवं पुरातात्विक स्थलों को प्रदर्शित किया गया। इनमें फतेहपुर स्थित रसिक बिहारी लाल जी, वाराणसी का कर्दमेश्वर महादेव मंदिर, लखनऊ का गुलिस्ताने इरम, लखीमपुर खीरी का मेंढक मंदिर, बालाबेहट किला, रसखान की समाधि तथा उत्खनित पुरास्थलों में मलहर (चंदौली) एवं राजा नल का टीला (सोनभद्र) सहित अन्य महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों के छायाचित्र शामिल थे।
इस अवसर पर निदेशक श्रीमती रेनू द्विवेदी ने अपने संबोधन में बताया कि विश्व धरोहर सप्ताह 2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय द्वारा प्रदेश के 27 जनपदों में कुल 41 शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक विरासत के प्रति जन-जागरूकता विकसित करना तथा विशेष रूप से युवाओं एवं विद्यार्थियों को अपनी गौरवशाली विरासत से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन ऐतिहासिक धरोहरों के महत्व को जनमानस तक पहुंचाने तथा उनके संरक्षण के प्रति सामाजिक सहभागिता एवं संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां हमारी समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर आयोजित करते रहने तथा आमजन, विशेषकर युवा पीढ़ी एवं विद्यार्थियों में अपनी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता और संरक्षण की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने पर बल दिया।
प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर विश्वविद्यालय के लगभग 600 विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक विरासत के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में इतिहास विभाग, बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष प्रो. विक्टर बाबू, प्रो. राजेश गौतम, प्रो. शूरदारा पुरी, प्रो. रवि कुमार, प्रो. आनंद सिंह, डॉ. रेनू पाण्डेय, डॉ. सुदर्शन चक्रधारी तथा उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय के उत्खनन एवं अन्वेषण से संबंधित श्री राम विनय, सहायक पुरातत्व अधिकारी श्री राहुल बरैया, श्री बलिहारी सेठ, श्री हिमांशु, श्री अभिषेक एवं श्री प्रमोद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि यह छायाचित्र प्रदर्शनी दिनांक 19 से 25 नवम्बर, 2026 तक गौतम बुद्ध केंद्रीय ग्रन्थालय, बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ में विश्वविद्यालय के निर्धारित समयानुसार आमजन, विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं अन्य इच्छुक व्यक्तियों के अवलोकनार्थ निःशुल्क खुली रहेगी।

Advertisement
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here