सहकारी कार्यशाला में सहकारिता विभाग ने प्रस्तुत की 10 वर्षों की प्रगति रिपोर्ट; कार्मिकों के प्रशिक्षण पर विशेष जोररू सहकारिता मंत्री जे.पी.एस. राठौर

0
4
Advertisement

प्रदेश के सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे.पी.एस. राठौर की अध्यक्षता में शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित सहकारी कार्यशाला में सहकारिता विभाग की विगत 10 वर्षों की प्रगति रिपोर्ट एवं उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया गया। इस दौरान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों तथा सहकारी क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी साझा की गई। कार्यशाला में सहकारी संस्थाओं को अधिक सक्षम, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुखी बनाने, प्रशिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा जनभागीदारी के माध्यम से सहकारिता आंदोलन को आगे बढ़ाने पर गहन चर्चा की गई।

Advertisement

कार्यशाला में सहकारी कार्मिकों की कार्यक्षमता बढ़ाने और सहकारी संस्थाओं के कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से तैयार किए गए विशेष प्रशिक्षण मॉड्यूल का भी प्रस्तुतीकरण किया गया। इसके माध्यम से सहकारी समितियों के कार्मिकों को व्यवस्थित एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान कर सहकारिता क्षेत्र की गतिविधियों में तेजी लाने पर बल दिया गया। इस अवसर पर सहकारिता मंत्री जे.पी.एस. राठौर ने निर्देशित किया कि आगामी 30 नवम्बर तक प्रदेश की सभी प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) एवं अन्य सहकारी समितियों के अध्यक्षों तथा क्लर्कों के प्रशिक्षण की कार्ययोजना तैयार कर उसे प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए उनके पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षित, दक्ष और तकनीकी रूप से सक्षम होना अत्यंत आवश्यक है।

सहकारिता मंत्री ने बताया कि प्रदेश में सहकारिता की उपलब्धियों, उत्पादों एवं संभावनाओं को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने के उद्देश्य से आगामी 01 दिसम्बर से 10 दिसम्बर तक ‘कोआपरेटिव एक्सपो‘ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से सहकारी संस्थाओं के कार्यों, उत्पादों, नवाचारों तथा सफल गतिविधियों को आम जनमानस के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त दिसम्बर माह में प्रदेश के जिला सहकारी बैंकों के मुख्यालयों पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सहकारिता क्षेत्र की विगत 10 वर्षों की कार्यप्रगति एवं उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में किसान सहकारी बंधुओं सहित सहकारी संस्थाओं से जुड़े पदाधिकारियों, सदस्यों एवं अन्य संबंधित लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम में प्रमुख सचिव सहकारिता अजय कुमार शुक्ला, आयुक्त एवं निबन्धक सहकारिता कुमार प्रशान्त, अपर आयुक्त एवं अपर निबन्धक (बैंकिंग) सैन्मुयल पाल एन., समस्त शीर्ष सहकारी संस्थाओं, जिला सहकारी बैंकों तथा पैक्स व संघों के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक, विभाग के समस्त अपर आयुक्त एवं अपर निबन्धक, संयुक्त आयुक्त, उप आयुक्त एवं सहायक आयुक्त सहित प्रदेश भर से आए सहकारी बन्धु एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here