जनगणना-2027 में युवा निभाएं सक्रिय भागीदारी, स्वयं करें स्व-गणना: मंगलायतन विश्वविद्यालय में कार्यशाला आयोजित

0
3
Advertisement

अलीगढ़ : भारत की जनगणना-2027 को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने और विशेष रूप से युवाओं को स्व-गणना के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने के उद्देश्य से मंगलायतन विश्वविद्यालय में स्व-गणना एवं जनगणना विषय पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। विषय विशेषज्ञों द्वारा कार्यशाला में विद्यार्थियों को जनगणना के महत्व, इसकी प्रक्रिया और डिजिटल माध्यम से स्वयं अपने परिवार की गणना करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
जिला जनगणना अधिकारी प्रमोद कुमार ने कार्यशाला में बताया कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना भर नहीं है, बल्कि यह देश के विकास की भावी दिशा तय करने का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, सड़क, बिजली सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण एवं संसाधनों के बेहतर नियोजन में सहायता मिलती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की सही एवं पूर्ण जानकारी राष्ट्रीय विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
सहायक निदेशक कुमार सत्यम ने विद्यार्थियों को बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से नागरिक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर घर बैठे अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इस डिजिटल प्रक्रिया से नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं भरने का अवसर मिलेगा और जनगणना कार्य में उनकी प्रत्यक्ष भागीदारी सुनिश्चित होगी। स्व-गणना के दौरान परिवार से संबंधित विवरण सावधानीपूर्वक एवं सही-सही भरना आवश्यक है। कार्यशाला में युवा वर्ग से विशेष अपील की गई कि वे डिजिटल तकनीक के अपने ज्ञान और दक्षता का उपयोग करते हुए स्वयं स्व-गणना करें और अपने परिवार, मित्रों, पड़ोसियों और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। विद्यार्थी अपने घरों और समुदायों में स्व-गणना के प्रति जागरूकता फैलाकर जनगणना के इस राष्ट्रीय अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
यह भी बताया गया कि जनगणना में प्रत्येक परिवार की सहभागिता महत्वपूर्ण है। इसलिए कोई भी पात्र परिवार स्व-गणना से वंचित न रहे। सही आंकड़ों के संकलन में नागरिकों का सहयोग देश और समाज के भविष्य की बेहतर योजना बनाने में सहायक होगा। कार्यशाला के माध्यम से युवाओं को संदेश दिया गया कि डिजिटल रूप से सक्षम युवा केवल तकनीक का उपयोग करने तक सीमित न रहें, बल्कि अपनी जागरूकता और सहभागिता से राष्ट्र निर्माण के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाएं। स्व-गणना अपनाएं, दूसरों को भी जोड़ें और जनगणना-2027 को सफल बनाने में सहभागी बनें।
    कार्यक्रम में डीन एकेडमिक प्रो. अम्बरीष शर्मा, उप निदेशक प्रशासन गोपाल राजपूत, डा. संजय पाल, डा. संजय सिंह, डा. मनीष राव, राजेश द्विवेदी, सुनील कुमार, कार्तिक शर्मा, रामानंद मिश्रा, रिंकू सिंह उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here