
बहराइच । 24 नवम्बर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्री मरीमाता मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के आवागमन, पार्किग स्थल, साफ-सफाई एवं संपर्क मार्ग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य मार्ग से मंदिर को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभाग को मार्ग की आवश्यक मरम्मत समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि मेले से पूर्व सभी संपर्क मार्ग सुगम एवं सुरक्षित स्थिति में होने चाहिए। नगर पालिका एवं विकास विभाग को सफाई, जल निकासी तथा आसपास के क्षेत्र की व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस विभाग को मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रभावी प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।









