
अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की मा0 सदस्य श्रीमती मीना कुमारी ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में आयोजित महिला जनसुनवाई में महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मा0 सदस्य ने कहा कि पीडित महिलाओं एवं बालिकाओं को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता एवं समयबद्धता के साथ निस्तारण कराया जाएगा। महिला जनसुनवाई के दौरान मा0 सदस्य के समक्ष प्रस्तुत 07 प्रकरणों पर सुनवाई की गई। मा0 सदस्य ने संदर्भित मामलों में दोनों पक्षों एवं संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में सुनवाई कर मौके पर ही निस्तारण कराने का प्रयास किया गया। उन्होंने जनसुनवाई में प्राप्त मामलों में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मा0 सदस्य श्रीमती मीना कुमारी ने कहा कि राज्य महिला आयोग महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, पारिवारिक विवाद, भरण-पोषण और अन्य महिला संबंधी मामलों में पीड़ित महिलाओं को त्वरित राहत दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। आयोग का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि महिलाओं को सम्मानजनक, सुरक्षित और न्यायपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना भी है। जहां भी संभावना होती है, वहां दोनों पक्षों की सहमति से सुलह-समझौते के आधार पर विवादों का समाधान कर परिवारों को टूटने से बचाने का प्रयास किया जाता है।
जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक अपराध ममता कुरील, जिला प्रोबेशन अधिकारी अजित कुमार, सीडीपीओ बिजौली आशा त्रिपाठी, महिला कल्याण विभाग से हितेष कुमारी, नीतू सारस्वत एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक विधिक एवं प्रशासनिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई।








