
कलेक्ट्रेट परिसर से शहीद पार्क तक छात्र-छात्राओं ने निकाली रैली बहराइच। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में सरदार वल्लभ भाई पटेल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया साथ ही राष्ट्रीय अखण्डता दिवस की गरिमा के रूप अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य समारोह कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ जिसमें प्रभारी जिलाधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने अन्य प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान सरदार पटेल के जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके दृढ़ संकल्प, नेतृत्व क्षमता, दूरदर्शिता एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण से आज भी सभी को प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस मनाने का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति प्रत्येक नागरिक को जागरूक एवं प्रतिबद्ध बनाना है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें आपसी सद्भाव, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश देता है। देश की प्रगति एवं विकास के लिए सभी नागरिकों का एकजुट रहना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा देशवासियों के बीच सद्भाव, भाईचारे और एकजुटता की भावना को सुदृढ़ करने की शपथ दिलाई। सभी ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, डिप्टी कलेक्टर अमिता यादव व सुश्री जैसमीन वर्मा सहित कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी कर्मचारी तथा कलेक्ट्रेट कर्मी मौजूद रहे।
कलेक्ट्रेट में आयोजित संगोष्ठी के उपरान्त प्रभारी जिलाधिकारी श्री धनवंता ने अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानन्द, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह व अन्य अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर से रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। कलेक्ट्रेट परिसर से शहीद पार्क तक आयोजित की गई रैली में नगर क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। उल्लेखनीय है कि प्रभारी जिलाधिकारी ने अन्य अधिकारियों के साथ शहीद स्मारक पहुंचकर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहित अन्य सेनानियों के चित्र पर माल्यार्पण श्रद्धासुमन अर्पित किये।









