
’पीएम किसान उत्सव दिवस’ पर रबी उत्पादकता गोष्ठी का हुआ आयोजन
लाभार्थियों को वितरित किए गए प्रमाण पत्र एवं मिनी बीज किट
कृषि वैज्ञानिकों एवं विषय विशेषज्ञों ने आधुनिक कृषि तकनीकों की दी गई जानकारी
अलीगढ़ : मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर शुक्रवार को पूरे देश के साथ अलीगढ़ में भी ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद, विकास खण्ड एवं ग्राम पंचायत स्तर तक किया गया, जिससे बड़ी संख्या में किसान इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जिले के 304172 किसानों को 24वीं किस्त का लाभ प्राप्त हुआ। जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम क्वार्सी कृषि फार्म परिसर में आयोजित किया गया, कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। गुजराज में आयोजित कार्यक्रम में मा0 प्रधानमंत्री जी द्वारा देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसान बन्धुओं के खाते में 18680 करोड़ से अधिक की धनराशि का हस्तांतरण कर दीपावली से पूर्व उन्हें खुशियों की सौगात दी।
रबी उत्पादकता गोष्ठी के अवसर पर उप कृषि निदेशक शोध प्रमोद कुमार, कृषि विज्ञान केंद्र छेरत के वैज्ञानिक डा0 नीलेश शर्मा, डा0 अनन्त कुमार, क्षेत्रीय निदेशक इग्नू डा0 अजय वर्धन आचार्य, डब्लूएचओ से लोकेश सोलंकी, पशु चिकित्साधिकारी डा0 तुनजा, सेवानिवृत्त वरिष्ठ पशु वैज्ञानिक डा0 रनवीर सिंह द्वारा किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ किसानों को फसल बीमा योजना, मेड़ पर खेती, तिलहन एवं दलहनी फसलों के उत्पादन, श्रीअन्न के महत्व, नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों से अपनी भूमि की मृदा स्वास्थ्य जांच कराने, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को नवीन कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों एवं वैज्ञानिक खेती के तरीकों की जानकारी देकर उत्पादन बढ़ाने के उपाय बताए। इस अवसर पर प्रतीक स्वरूप पीएम किसान सम्मान निधि प्राप्त करने वाले 10 किसानों को प्रमाण पत्र एवं 10 किसानों को सरसों के बीज की निःशुल्क मिनी किट प्रदान की गई।
कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक चौधरी अरूण कुमार, जिला कृषि अधिकारी धीरेन्द्र सिंह चौधरी, सहायक निदेशक मत्स्य प्रियंका आर्या, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी दिव्या मौर्या, एलडीएम अशोक सौनी समेत अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्राविधिक सहायक अमर सिंह द्वारा किया गया।
इनको मिले प्रमाण पत्र एवं मिनी बीज किट:
सूरजपाल सिंह जटपुरा, किशोर कुमार सियाखास, अमरपाल सिंह धौर्रामाफी जवां, रामप्रकाश मुकुटगढ़ी, पवन कुमार फगोई, जल सिंह देवसैनी, पवन कुमार कैथवारी, शेरपाल सिंह फगोई लोधा, अशोक कुमार जखैरा अतरौली, कप्तान सिंह चॉदगढ़ी गंगीरी को प्रमाण पत्र एवं चन्द्रपाल सिंह, नेम सिंह, मुनीश कुमार, प्रेम सिंह, विन्नामी सिंह, अंकित कुमार, विन्नामी सिंह, इंदल सिंह, किशोर कुमार, एवं महाराज सिंह को सरसो बीज की मिनी किट प्रदान की गई।









