वल्नरेबिलिटी मैपिंग के साथ बूथों पर एएमएफ की व्यवस्था समय से कराएं -डीएम

0
3
Advertisement

अलीगढ़ : स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अविनाश कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने छेरत स्थित पुलिस लाइन में सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को वल्नरेबिलिटी मैपिंग, क्रिटिकल मतदान केंद्रों के चिन्हांकन और एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटीज के संबंध में प्रशिक्षण दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाताओं को डराना-धमकाना, प्रलोभन देना अथवा किसी भी प्रकार का दबाव बनाना वल्नरेबिलिटी की श्रेणी में आता है। ऐसे क्षेत्रों और मतदाता समूहों की पहचान के लिए अधिकारी स्थानीय लोगों से संवाद करें और वास्तविक स्थिति के आधार पर रिपोर्ट तैयार करें। उन्होंने कहा कि वल्नरेबिलिटी क्षेत्र या मतदाता समूह से संबंधित होती है, जबकि क्रिटिकलिटी मतदान केंद्र से जुड़ी होती है। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 21 मानकों के आधार पर ही क्रिटिकल बूथों का चिन्हांकन किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर पुलिस अधिकारी अनिवार्य रूप से संयुक्त भ्रमण करें। मतदान केंद्र तक पहुंचने के मार्ग, पुलिस बल की आवाजाही में आने वाली कठिनाइयों और पैदल पहुंचने की स्थिति को भी रिपोर्ट में शामिल करें। मतदान के दिन शाम को अंधेरा होने और मतदान जारी रहने की स्थिति में सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का भी आकलन किया जाए।
एएमएफ पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। अधिकारी बूथवार जांच करें कि रैंप, शेड, पेयजल, क्रियाशील शौचालय और विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था है या नहीं। जहां भी कमी मिले, उसे स्पष्ट रूप से रिपोर्ट करें, ताकि संबंधित विभागों, विशेषकर पंचायतीराज विभाग के माध्यम से समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के समय किसी भी मतदान केंद्र पर बुनियादी सुविधाओं की कमी नहीं मिलनी चाहिए। इसलिए इस कार्य को प्राथमिकता पर पूरा करें।
जिलाधिकारी ने वल्नरेबिलिटी मैपिंग एवं सत्यापन की प्रक्रिया समझाते हुए बताया कि वीएम-1 पर उपलब्ध सूचनाओं का विश्लेषण किया जाएगा। सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से बीएम-1 भरेंगे, जिसके आधार पर वीएम-2 पुनर्सत्यापन फार्म तैयार होगा। इसके बाद प्रत्येक सेक्टर की बीएम-3 समरी रिपोर्ट दोनों अधिकारियों के संयुक्त हस्ताक्षर से संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर को उपलब्ध कराई जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने पुलिस अधिकारियों को स्थानीय परिस्थितियों और अपने अनुभव के आधार पर सुरक्षा संबंधी पहलुओं का बारीकी से आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र तक पहुंचने के रास्ते, संवेदनशील स्थानों और सुरक्षा बलों की तैनाती से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों को नजरअंदाज न करें।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने वल्नरेबिलिटी एवं क्रिटिकलिटी के अंतर, निर्धारित प्रारूपों और सत्यापन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की तथ्यात्मक रिपोर्ट के आधार पर ही मतदाताओं की सुरक्षा और स्वतंत्र मतदान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है। प्रशिक्षण में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपनी इच्छा से मतदान कर सके। निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर संगीता देवी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सौरभ भट्ट, सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार गुप्ता, एसपी सिटी आदित्य बंसल, एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र, एसपी ट्रैफिक प्रवीण कुमार समेत जोनल मजिस्ट्रेट सेक्टर मजिस्ट्रेट पुलिस क्षेत्राधिकारीगण उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here