शाम 6 बजे एक साथ बजेगा हवाई हमले की चेतावनी का सायरन, निर्धारित क्षेत्रों में होगा ब्लैकआउट
आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने एवं नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए होगा व्यापक अभ्यास
प्रदेश के सभी 75 जनपदों में नागरिक सुरक्षा इकाइयों का गठन, लगभग एक लाख स्वयंसेवक नामांकित
प्रमुख सचिव संयुक्ता समद्दार एवं निदेशक अशोक कुमार सिंह ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
उत्तर प्रदेश में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा युद्ध, हवाई हमले एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से आगामी 22 नवंबर को प्रदेश के सभी 75 जनपदों में एक साथ सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। शाम 6 बजे आयोजित होने वाले इस अभ्यास में हवाई हमले की चेतावनी, ब्लैकआउट, बचाव एवं राहत कार्यों सहित विभिन्न आपातकालीन व्यवस्थाओं का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जाएगा।
नागरिक सुरक्षा विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती संयुक्ता समद्दार एवं निदेशक श्री अशोक कुमार सिंह की सह-अध्यक्षता में मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के समस्त जिलाधिकारियों, नियंत्रकों एवं उप नियंत्रकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मॉक ड्रिल की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रमुख सचिव ने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही प्रशासनिक तंत्र एवं स्वयंसेवकों की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत बनाना है।
निदेशक नागरिक सुरक्षा श्री अशोक कुमार सिंह ने बताया कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के क्रम में आयोजित होने वाली इस मॉक ड्रिल में एसडीएमए, डीडीएमए, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता रहेगी। अभ्यास के दौरान दो मिनट तक हवाई हमले की चेतावनी का सायरन बजाया जाएगा, जिसके बाद निर्धारित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित कर ब्लैकआउट किया जाएगा। नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने का अभ्यास कराया जाएगा। खतरा समाप्त होने पर ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा।
मॉक ड्रिल के दौरान नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा आग बुझाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने तथा गंभीर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास भी किया जाएगा। प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए कि इस आयोजन में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र संगठन, महाविद्यालयों के विद्यार्थियों एवं रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही नागरिकों को पूर्व सूचना देकर जागरूक किया जाए, जिससे किसी प्रकार की अफवाह अथवा अनावश्यक घबराहट की स्थिति उत्पन्न न हो।
उल्लेखनीय है कि नागरिक सुरक्षा विभाग की स्थापना वर्ष 1962 में भारत-चीन युद्ध के बाद की गई थी। प्रदेश सरकार द्वारा 29 मई 2025 को जारी अधिसूचना के उपरांत सभी 75 जनपदों में नागरिक सुरक्षा इकाइयों का गठन किया जा चुका है। वर्तमान में लगभग एक लाख स्वयंसेवक नामांकित हैं, जिनमें 60 नवसृजित जनपदीय इकाइयों में लगभग 10 हजार स्वयंसेवकों की भर्ती की गई है। स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव सहित विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसी क्रम में प्रमुख सचिव श्रीमती संयुक्ता समद्दार एवं निदेशक श्री अशोक कुमार सिंह ने जिलाधिकारी लखनऊ एवं पुलिस कमिश्नर लखनऊ के साथ पुलिस लाइन्स का स्थलीय निरीक्षण कर मॉक ड्रिल की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं समन्वय का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।





