जनपद फिरोजाबाद में कृषि विविधीकरण और व्यावसायिक बागवानी के प्रति शिक्षित युवाओं का रुझान निरंतर बढ़ रहा है। पारम्परिक खाद्यान्न फसलों की सीमाओं से आगे बढ़कर अब जनपद के कृषक उच्च मूल्य वाली नकदी फसलों की ओर अग्रसर हो रहे हैं। केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार की कृषक कल्याणकारी नीतियों तथा जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि उद्यमिता का अनुकूल वातावरण निर्मित हुआ है। इसी सकारात्मक परिवर्तन का प्रत्यक्ष उदाहरण जनपद के युवा कृषक अवधेश कुशवाहा हैं, जिन्होंने कॉर्पाेरेट क्षेत्र की नौकरी छोड़कर आधुनिक पुष्प उत्पादन को आजीविका का सशक्त माध्यम बनाया है।
बीटेक की तकनीकी शिक्षा पूर्ण करने के उपरांत अवधेश कुशवाहा एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वर्ष 2021 में वैश्विक महामारी के दौरान उत्पन्न परिस्थितियों में उन्होंने अपने पैतृक गांव लौटकर कृषि क्षेत्र में नवाचार करने का निर्णय लिया। शहरी कार्यसंस्कृति के स्थान पर उन्होंने अपनी कृषि भूमि पर पारम्परिक फसलों के बजाय व्यावसायिक रूप से लाभकारी गेंदे के फूलों की खेती प्रारम्भ की। प्रारम्भिक चरण में मात्र एक एकड़ क्षेत्रफल में लगाए गए गेंदे के पौधों से प्राप्त उत्साहवर्धक उत्पादन और शुद्ध लाभ ने उन्हें इस व्यवसाय के विस्तार हेतु प्रेरित किया।
सुव्यवस्थित कृषि प्रबंधन और निरंतर परिश्रम के परिणामस्वरूप वर्ष 2021 में एक एकड़ से आरंभ हुआ यह प्रयास वर्तमान में 16 एकड़ के विस्तृत पुष्प उत्पादन क्षेत्र में परिवर्तित हो चुका है। गेंदे की फसल की प्रमुख विशेषता इसका अल्प अवधि का उत्पादन चक्र है, जो मात्र 60 दिनों में तुड़ाई के लिए तैयार हो जाती है। कृषि अर्थशास्त्र की दृष्टि से प्रति एकड़ गेंदे की खेती में लगभग 50 हजार रुपये की उत्पादन लागत आती है, जबकि अनुकूल बाजार भाव मिलने पर कृषक को प्रति सीजन लगभग एक लाख रुपये तक का शुद्ध मुनाफा प्राप्त होता है।
अवधेश कुशवाहा ने अपने तकनीकी ज्ञान का उपयोग करते हुए पुष्प उत्पादन को पूर्णतः बाजार की मांग के अनुरूप ढाला है। वे पूरे वर्ष एक साथ रोपाई करने के स्थान पर प्रमुख पर्वों, धार्मिक आयोजनों और विवाह सहालग के कैलेंडर के अनुसार चरणबद्ध ढंग से पौधरोपण करते हैं, जिससे बाजार में सर्वाधिक मांग के समय ताजे फूलों की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित होती है। उनके द्वारा उत्पादित गेंदे के फूलों की आपूर्ति जनपद फिरोजाबाद की स्थानीय मंडियों के अतिरिक्त आगरा तथा राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की प्रमुख मंडियों में की जा रही है, जिससे उन्हें प्रतिस्पर्धी मूल्य प्राप्त हो रहा है।
जनपद फिरोजाबाद की भौगोलिक और कृषि-जलवायु परिस्थितियां व्यावसायिक पुष्प एवं शाकभाजी उत्पादन के लिए अत्यंत अनुकूल हैं। लगभग 1.80 लाख हेक्टेयर शुद्ध कृषित क्षेत्रफल वाले इस जनपद के शिकोहाबाद, अरांव, टूंडला, हाथवंत, जसराना, नारखी, एका, मदनपुर और फिरोजाबाद विकासखंडों में उपलब्ध दोमट एवं बलुई दोमट मृदा बागवानी फसलों की अच्छी पैदावार देती है। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय राजमार्ग-19, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे तथा दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग से सीधा जुड़ाव होने के कारण फिरोजाबाद से शीघ्र नष्ट होने वाले पुष्प उत्पादों को न्यूनतम समय में आगरा और दिल्ली-एनसीआर के बड़े उपभोक्ता बाजारों तक पहुंचाना सुगम हो गया है।
जनपद में औद्यानिक फसलों के क्षेत्रफल और उत्पादकता को बढ़ाने में केंद्र प्रायोजित ‘एकीकृत बागवानी विकास मिशन’ (एमआईडीएच) की निर्णायक भूमिका रही है। उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, उत्तर प्रदेश के माध्यम से संचालित इस योजना में केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार की वित्तीय भागीदारी 60ः40 के अनुपात में निर्धारित है। मिशन का मुख्य लक्ष्य पारम्परिक खेती पर निर्भरता कम करते हुए फल, सब्जी, पुष्प, मसाला एवं औषधीय फसलों के क्लस्टर विकसित करना, गुणवत्तापूर्ण रोपण सामग्री उपलब्ध कराना तथा कृषकों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करना है।
योजना के अंतर्गत खुले फूलों जैसे गेंदा, गुलाब, गुलदाउदी और रजनीगंधा के क्षेत्र विस्तार हेतु विशेष वित्तीय प्रोत्साहन का प्रावधान है। मिशन के मानकों के अनुसार खुले फूलों की खेती के लिए निर्धारित 40 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की इकाई लागत पर लघु एवं सीमांत कृषकों को 40 प्रतिशत अर्थात 16 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर तथा अन्य कृषकों को 25 प्रतिशत अनुदान देय है। साथ ही, राज्य औद्यानिक विकास योजनाओं के माध्यम से जनपद के अरांव एवं शिकोहाबाद विकासखंडों में गेंदा व अन्य पुष्प फसलों की खेती पर 20 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त, रोगमुक्त एवं उन्नत पौध तैयार करने हेतु आधुनिक नर्सरी और टिश्यू कल्चर प्रयोगशालाओं की स्थापना को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
पुष्प एवं अन्य बागवानी फसलों की तुड़ाई के उपरांत होने वाली क्षति को न्यूनतम करने और मूल्य संवर्धन सुनिश्चित करने के लिए आधारभूत संरचना के विकास पर विशेष बल दिया गया है। इस क्रम में पैक हाउस, शीतगृह (कोल्ड स्टोरेज), राइपनिंग चौंबर तथा प्राथमिक प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना हेतु 35 से 50 प्रतिशत तक क्रेडिट लिंक्ड बैक-एंडेड अनुदान की व्यवस्था लागू है। इसके साथ ही, जिला उद्यान कार्यालय और कृषि विज्ञान केंद्र, फिरोजाबाद के संयुक्त तत्वावधान में कृषकों को नर्सरी प्रबंधन, समन्वित पोषक तत्व प्रबंधन एवं समेकित नाशीजीव प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण और अध्ययन भ्रमण कराया जाता है।
योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली लागू की गई है। जनपद के इच्छुक कृषक उद्यान विभाग के आधिकारिक पोर्टल ;कइजण्नचीवतजपबनसजनतमण्पदद्ध पर कंप्यूटरीकृत खतौनी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और फोटोग्राफ के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। लाभार्थियों का चयन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के पारदर्शी सिद्धांत पर किया जाता है तथा स्थलीय सत्यापन के उपरांत अनुदान राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे कृषकों के बैंक खातों में अंतरित की जाती है। केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन की इस सुदृढ़ व्यवस्था ने अवधेश कुशवाहा जैसे प्रगतिशील युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर जनपद फिरोजाबाद को व्यावसायिक पुष्प उत्पादन के क्षेत्र में एक नई पहचान प्रदान की है।





