
अलीगढ़ : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मंगलवार को जिले की आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी और जिले के सभी सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूची एवं पूरक सूची की प्रतियां उपलब्ध कराईं।
जिलाधिकारी ने बताया कि आलेख्य प्रकाशन के समय जिले में कुल 24,44,205 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 13,23,106 पुरुष, 11,21,015 महिला एवं 84 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, अपमार्जित कराने अथवा किसी प्रविष्टि में संशोधन के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करने, बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने और मतदाता सूची का परीक्षण कर पात्र नागरिकों का नाम जुड़वाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में सभी की सहभागिता आवश्यक है।

सात विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं का विवरण:
विधानसभा क्षेत्र 71-खैर (अ.जा.) में 3,58,129, 72-बरौली में 3,49,942, 73-अतरौली में 363046, 74-छर्रा में 3,44,909, 75-कोल में 3,50,111, 76-अलीगढ़ में 3,17,699, 77-इगलास (अ.जा.) में 3,60,369 सहित जिले में कुल 24,44,205 कुल मतदाता हैं। इसके साथ ही जिले में कुल 1,642 मतदान केंद्रों के अंतर्गत 3,222 मतदेय स्थल हैं। आलेख्य सूची में 13,23,106 पुरुष, 11,21,015 महिला एवं 84 तृतीय लिंग के मतदाता दर्ज हैं।
चार दिन सभी बूथों पर विशेष अभियान:
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा एवं अधिकाधिक पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए 21 एवं 22 नवंबर और 28 एवं 29 नवंबर 2026 को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों संबंधित बूथ लेवल अधिकारी, पदाभिहित अधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा, एएनएम एवं बूथ लेवल एजेंट उपस्थित रहकर मतदाताओं को आवेदन भरने में सहयोग प्रदान करेंगे।
नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए निर्धारित हैं अलग-अलग फॉर्म:
उन्होंने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वा सकते हैं। मतदाता सूची से किसी नाम को अपमार्जित कराने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पते, फोटो अथवा अन्य विवरण में संशोधन एवं स्थान परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। फॉर्म-6 के साथ आवेदक को अपनी अद्यतन रंगीन फोटो, जन्मतिथि एवं निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां प्रस्तुत करनी होंगी। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र संख्या उपलब्ध होने पर उसका विवरण भी दिया जा सकता है।
ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा:
पात्र नागरिक निर्वाचन आयोग के वोटर सर्विस पोर्टल https://voters.eci.gov.in अथवा ECINET मोबाइल एप के माध्यम से किसी भी समय ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पुनरीक्षण अवधि में विधानसभा क्षेत्रवार प्राप्त फॉर्म-6, 6ए, 7 एवं 8 से संबंधित सूचनाएं निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी के पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएंगी। राजनीतिक दलों को भी व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से नियमित रूप से जानकारी दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से जनप्रतिनिधियों, संभावित प्रत्याशियों, सांसदों, विधायकों एवं पार्षदों सहित महत्वपूर्ण व्यक्तियों की मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों का भी परीक्षण कराने को कहा, ताकि किसी त्रुटि की स्थिति में समय रहते फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन कराया जा सके। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नए पंजीकृत एवं संशोधित विवरण वाले मतदाताओं को आयोग के प्रावधानों के अनुसार भौतिक मतदाता पहचान पत्र डाक विभाग के माध्यम से निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। ई-ईपीआईसी को म्ब्प्छम्ज् मोबाइल एप अथवा पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है।
राजनीतिक दलों से बीएलए नियुक्त करने की अपील:
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर उनकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय एवं संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि बीएलए एक बार में अधिकतम 10 आवेदन जमा कर सकते हैं। पुनरीक्षण अवधि में 30 से अधिक आवेदन जमा किए जाने पर उनका सत्यापन ईआरओ/एईआरओ द्वारा किया जाएगा।
आयोग द्वारा निर्धारित संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तिथि 28 दिसंबर 2026 और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में सुझाव भी प्राप्त किए और सभी से पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं समावेशी मतदाता सूची तैयार कराने में सहयोग की अपेक्षा की।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट सहित भाजपा से उदयवीर सिंह लोधी, अवध प्रकाश सिंह बघेल, मुन्नालाल कश्यप, सुभाष गुप्ता सुभानु, माकपा से इदरीस अहमद, बीएसपी से बिजेंद्र सिंह विक्रम, एडवोकेट अशोक सिंह, एसपी से मोहम्मद शाकिर अंसारी, अब्दुल हमीद घोसी, मनोज यादव, कांग्रेस से नदीम गफूर उपस्थित रहे।




