
सुरक्षा व्यवस्था से लेकर बंदियों के स्वास्थ्य, भोजन और सुविधाओं का लिया जायजा हमीरपुर। जिलाधिकारी अशोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने शनिवार को जिला कारागार हमीरपुर का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की स्थिति और प्रशासनिक कार्यों का जायजा लेते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं की गहनता से जांच की। निरीक्षण के दौरान जेल में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती, सुरक्षा उपकरणों और अन्य सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बंदियों की संख्या, उनके स्वास्थ्य, रहने की व्यवस्था और समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनकी शिकायतें भी सुनीं। इसके साथ ही जेल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, डॉक्टरों की उपलब्धता, दवाइयों, साफ-सफाई तथा बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और मात्रा की जांच की। जेल के प्रशासनिक कार्यों, अभिलेखों के रखरखाव और बंदियों के अधिकारों से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान बंदियों के लिए संचालित शिक्षा, कौशल विकास एवं पुनर्वास कार्यक्रमों की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जेल प्रशासन को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा बंदियों के साथ न्यायपूर्ण, संवेदनशील और मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।









