एकल, युगल और मिश्रित युगल मुकाबलों में छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किया उत्कृष्ट खेल कौशल
दिव्यांशु श्रीवास्तव बने एकल विजेता; युगल में उत्कर्ष-हर्ष तथा मिश्रित युगल में मन्नत-दिव्यांशु की जोड़ी ने मारी बाजी
युवाओं में खेल भावना, शारीरिक दक्षता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना महोत्सव का मुख्य उद्देश्य
लखनऊ विश्वविद्यालय के द्वितीय परिसर में आयोजित चार दिवसीय खेल महोत्सव ‘आरंभ-2026’ के दूसरे दिन शनिवार को विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन खेल भावना और अपार उत्साह के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव के दूसरे दिन मुख्य आकर्षण टेबल टेनिस प्रतियोगिता रही, जिसमें एकल, युगल एवं मिश्रित युगल वर्गों के अंतर्गत विभिन्न महाविद्यालयों एवं विभागों के छात्र-खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, फुर्ती और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया।
रोमांचक मुकाबलों के परिणामों में एकल (सिंगल्स) वर्ग के अंतर्गत दिव्या कृपाल पी.जी. कॉलेज, हरदोई के दिव्यांशु श्रीवास्तव ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताबी जीत दर्ज की, जबकि जय नारायण मिश्र डिग्री कॉलेज (केकेसी) में बी.बी.ए. के छात्र रोहन राणा उपविजेता रहे। इसी क्रम में युगल (डबल्स) वर्ग के फाइनल मुकाबले में लखनऊ विश्वविद्यालय के एम.बी.ए. के छात्र उत्कर्ष राणा एवं हर्ष राणा की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल का परिचय देते हुए विजेता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, वहीं लखनऊ विश्वविद्यालय बी.सी.ए. के छात्र दिव्यांशु श्रीवास्तव एवं विवेक कुमार गुप्ता उपविजेता रहे। मिश्रित युगल (मिक्स डबल्स) वर्ग में कालीचरण पी.जी. कॉलेज की मन्नत मिश्रा एवं दिव्या कृपाल पी.जी. कॉलेज के दिव्यांशु श्रीवास्तव की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि लखनऊ विश्वविद्यालय बी.बी.ए. की छात्रा कामना सिंह और बी.टेक. इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्र शौर्य सिंह की जोड़ी उपविजेता रही।
प्रतियोगिता के दौरान सभी प्रतिभागियों ने उच्च स्तरीय खेल कौशल, आपसी सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धात्मक भावना का परिचय दिया। आयोजकों ने बताया कि इस खेल महोत्सव का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में केवल खेल के प्रति रुचि जगाना ही नहीं, बल्कि उनके भीतर शारीरिक दक्षता, टीम भावना, मानसिक दृढ़ता और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। खेल महोत्सव ‘आरंभ-2026’ के अंतर्गत आगामी दिनों में भी परिसर में अन्य विभिन्न खेल विधाओं की रोमांचक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।










