पारंपरिक ताला एवं हार्डवेयर उद्योग के लिए विश्वविख्यात जनपद अलीगढ़ अब आधुनिक औद्योगिक विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश सरकार की उद्योग एवं निवेश प्रोत्साहन नीतियों तथा जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से जनपद में बड़े पैमाने पर पूंजी निवेश आकर्षित हो रहा है। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी)-5 के अंतर्गत अलीगढ़ में 13,501 करोड़ रुपये की 304 निवेश परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित 11 हजार करोड़ रुपये के निवेश लक्ष्य के सापेक्ष यह उपलब्धि जनपद की सुदृढ़ होती औद्योगिक अर्थव्यवस्था को दर्शाती है। इन परियोजनाओं में 259 उत्पादन एवं व्यावसायिक इकाइयों के माध्यम से 9,278 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इससे नए औद्योगिक प्रतिष्ठानों की स्थापना के साथ कार्यरत इकाइयों के विस्तार और सहायक उद्योगों के विकास को गति मिलेगी।
जनपद की रणनीतिक भौगोलिक स्थिति निवेशकों के लिए प्रमुख आकर्षण बनकर उभरी है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (जेवर), यमुना एक्सप्रेस-वे और ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से सुगम संपर्क ने औद्योगिक माल ढुलाई को किफायती बनाया है। इसके अतिरिक्त केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना उत्तर प्रदेश रक्षा औद्योगिक गलियारे के अलीगढ़ नोड के विकास ने जनपद को राष्ट्रीय औद्योगिक मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाई है। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) द्वारा विकसित औद्योगिक क्षेत्रों और जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे भूमि बैंक के कारण राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के उद्यमी अलीगढ़ की ओर रुख कर रहे हैं। एनसीआर के लगभग 35 बड़े निवेशकों ने जनपद में औद्योगिक एवं व्यावसायिक इकाइयां स्थापित करने में रुचि दिखाई है।
प्रदेश सरकार की उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा नीति के अनुरूप जनपद में स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में बड़ा निवेश धरातल पर उतर रहा है। दादों क्षेत्र में फरीदाबाद की एमडीएम सोलर पावर एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर द्वारा लगभग 400 बीघा भूमि पर एक हजार करोड़ रुपये के निवेश से सोलर प्लांट स्थापित किया जा रहा है। यह परियोजना हरित ऊर्जा उत्पादन के साथ पर्यावरण अनुकूल औद्योगिक विकास को बढ़ावा देगी। आधुनिक तकनीक और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के क्षेत्र में भी अलीगढ़ सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहा है। गभाना स्थित ख्यामई औद्योगिक क्षेत्र में मैक्स बोल्ट एनर्जी इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा 800 करोड़ रुपये की लागत से लिथियम बैटरी निर्माण इकाई स्थापित की जा रही है। इसके लिए 24 हजार वर्ग मीटर भूमि क्रय की जा चुकी है। पांच चरणों में विकसित होने वाली इस परियोजना के प्रथम चरण में 140 करोड़ रुपये का निवेश होगा, जिससे लगभग 1,200 लोगों को रोजगार मिलेगा।
उत्तर प्रदेश वस्त्र एवं गारमेंटिंग नीति से प्रोत्साहित होकर टेक्सटाइल क्षेत्र के निवेशकों ने भी जनपद में कदम बढ़ाए हैं। गभाना के ख्यामई औद्योगिक क्षेत्र में एनसीआर के 25 उद्यमियों द्वारा भूखंड क्रय किए जाने से वस्त्र उद्योग के विस्तार की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। इस कड़ी में आरियन त्रोसी द्वारा 50 करोड़ रुपये के निवेश से इकाई स्थापित की जा रही है, जबकि आदित्य टेक्सटाइल और हर्ष डाइड द्वारा रंगाई एवं प्रिंटिंग की इकाइयां लगाई जा रही हैं। टेक्सटाइल क्षेत्र में पांच अन्य निवेशकों द्वारा भी नई इकाइयां स्थापित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से जनपद में वस्त्र निर्माण और प्रसंस्करण की सुदृढ़ श्रृंखला विकसित होगी, जिससे स्थानीय कारीगरों और श्रमिकों को रोजगार के स्थायी अवसर प्राप्त होंगे। कृषि प्रधान जनपद होने के नाते अलीगढ़ में उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति के तहत कृषि आधारित उद्योगों को विशेष बढ़ावा मिल रहा है। मथुरा रोड स्थित प्रशांत ग्रुप द्वारा 125 करोड़ रुपये के निवेश से अपने प्लांट का विस्तार किया जा रहा है, जहां आलू पाउडर और नमकीन उत्पाद तैयार किए जाएंगे। वहीं मस्कट ग्रुप द्वारा गभाना-बरौली रोड पर 150 करोड़ रुपये की लागत से आलू प्रसंस्करण प्लांट स्थापित किया जा रहा है।
इन खाद्य प्रसंस्करण परियोजनाओं से जनपद के आलू उत्पादक किसानों को अपनी उपज के प्रसंस्करण के लिए स्थानीय स्तर पर मजबूत औद्योगिक आधार मिलेगा। कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन से किसानों की आय बढ़ने के साथ कोल्ड स्टोरेज, पैकेजिंग, परिवहन और विपणन से जुड़ी सहायक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। औद्योगिक विस्तार के समानांतर जनपद में आधुनिक आवासीय एवं व्यावसायिक अवसंरचना का भी विकास हो रहा है। रियल एस्टेट क्षेत्र में चंद्र प्रकाश शर्मा द्वारा 900 करोड़ रुपये से गोल्डन सिटी, देव मोटर्स ग्रुप के सुमित अग्रवाल द्वारा 600 करोड़ रुपये से एकत्व सिटी तथा रसिक ग्रुप के राजेश मित्तल द्वारा 500 करोड़ रुपये के निवेश से परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं। जनपद में बढ़ते औद्योगिक आवागमन को देखते हुए होटल एवं पर्यटन क्षेत्र में भी निवेश आकर्षित हुआ है। मुकेश सिंघल द्वारा 37 करोड़ रुपये से हरि कृष्णा रिजॉर्ट एवं होटल तथा उपेंद्र वार्ष्णेय द्वारा 48 करोड़ रुपये से कारावन ओसिस रिजॉर्ट विकसित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त निर्माण क्षेत्र की प्रमुख इकाई मंगलम सीमेंट द्वारा 166 करोड़ रुपये का निवेश जनपद के बुनियादी ढांचे और सेवा क्षेत्र को गति प्रदान कर रहा है।
प्रदेश सरकार की ’एक जनपद-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत अलीगढ़ के पारंपरिक ताला एवं हार्डवेयर उद्योग को वैश्विक बाजार में नई पहचान मिली है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) प्रोत्साहन नीतियों से स्थानीय उद्यमियों को वित्तीय सहायता, तकनीकी उन्नयन और विपणन का संबल मिल रहा है, जिससे पारंपरिक और आधुनिक उद्योगों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित हुआ है। निवेश प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सिंगल विंडो पोर्टल ’निवेश मित्र’ के माध्यम से उद्यमियों को सभी विभागीय अनापत्ति प्रमाण पत्र और स्वीकृतियां समयबद्ध रूप से ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही ’निवेश सारथी’ पोर्टल और जिला प्रशासन की नियमित समीक्षा के जरिए भूमि आवंटन तथा परियोजना क्रियान्वयन से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। जनपद में कानून-व्यवस्था की सुदृढ़ स्थिति, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, कुशल श्रमशक्ति की उपलब्धता और निवेश अनुकूल प्रशासनिक वातावरण ने अलीगढ़ को उद्योगों के लिए भरोसेमंद केंद्र बना दिया है। जीबीसी-5 की इन 304 परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से हजारों प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे तथा अलीगढ़ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर बनाने के लक्ष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अलीगढ़ में औद्योगिक निवेश की नई उड़ानः जीबीसी-5 से13,501 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का मार्ग प्रशस्त
Advertisement
Advertisement
Advertisement

