तरंग फेस्ट के दूसरे दिन बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा; चित्रकला, पेंटिंग, रंगोली व खेल-कूद प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन

0
0
Advertisement

महिला कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यक्रम श्तरंग फेस्टश् के दूसरे दिन शनिवार को राजधानी लखनऊ के कानपुर रोड, ट्रांसपोर्ट नगर स्थित इंडिया लिटरेसी बोर्ड परिसर में विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। प्रातः 10ः00 बजे से सायं 07ः00 बजे तक आयोजित इन प्रतियोगिताओं में प्रदेश के विभिन्न जनपदों की बाल देखरेख संस्थाओं से आए बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक अभिरुचि का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि निदेशक महिला कल्याण श्रीमती सी. इन्दुमती ने द्वितीय दिवस के कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर निदेशक महिला कल्याण ने प्रतिभागी बच्चों से आत्मीय संवाद किया, जिसमें कई प्रतिभाशाली बालक-बालिकाओं ने अपनी विशिष्ट उपलब्धियों और अनुभवों को साझा किया। संवाद के दौरान कानपुर से आई एक बालिका ने अपने लेखन कार्य एवं प्रकाशित पुस्तक के बारे में जानकारी दी। वहीं, आफ्टर केयर होम, लखनऊ के एक बालक ने राजधानी के प्रतिष्ठित ला मार्टिनियर कॉलेज में अपने अध्ययन तथा स्कूल, अंतर-विद्यालयी और राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में जीते गए पुरस्कारों का अनुभव साझा कर अन्य बच्चों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में बाल गृह, वाराणसी के दो बालकों ने अंतरराष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में प्रतिभाग करने के अपने अनुभव साझा किए। अनेक बच्चों ने नृत्य, संगीत, खेल और अध्ययन के प्रति अपनी रुचि बताते हुए भविष्य में पुलिस, चिकित्सा, वायु सेना एवं पायलट जैसे क्षेत्रों में करियर बनाने की इच्छा व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि श्तरंग महोत्सवश् के प्रथम चरण में जनपद स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था, जिनके विजेता बच्चे राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रहे हैं। शनिवार को विभिन्न आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के मध्य खेल-कूद, संगीत, नृत्य, नाटक, रंगोली, निबंध एवं चित्रकला आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनके विजेताओं को 30 नवम्बर 2026 को आयोजित होने वाले समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बाल देखरेख संस्थाओं में स्वच्छ, सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सकारात्मक वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से संस्थाओं के बीच सर्वश्रेष्ठ बाल देखरेख संस्था, सर्वश्रेष्ठ गार्डन, सर्वश्रेष्ठ कुक तथा सर्वश्रेष्ठ सफाईकर्मी श्रेणियों में भी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, ताकि हरियाली, पर्यावरण संरक्षण तथा बच्चों के पोषण और स्वच्छता में योगदान देने वाले कार्मिकों को प्रोत्साहित किया जा सके।
निदेशालय महिला कल्याण से प्राप्त जानकारी के अनुसार तरंग फेस्ट के तीसरे दिन रविवार, 29 नवम्बर 2026 को विभिन्न जनपदों से आए बच्चों के लिए शैक्षिक भ्रमण एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत बच्चों को लखनऊ स्थित नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान (लखनऊ चिड़ियाघर) तथा आंचलिक विज्ञान केंद्र (रीजनल साइंस सेंटर) का भ्रमण कराया जाएगा। इस भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को वन्यजीवों एवं जैव विविधता से परिचित कराना, पर्यावरण संरक्षण व जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करना है। भ्रमण के उपरांत सायंकाल इंडिया लिटरेसी बोर्ड परिसर में बच्चों के मनोरंजन हेतु विशेष मैजिक शो का भी आयोजन किया जाएगा।

Advertisement
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here