बहराइच । विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण (दृष्टि) की द्वितीय बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। जिसमें एमएलसी पदमसेन चौधरी व डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक महसी सुरेश्वर सिंह, विधायक बलहा श्रीमती सरोज सोनकर सहित ब्लाक प्रमुखगण व जिला पंचायत सदस्यगण मौजूद रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मा० विधायक श्री त्रिपाठी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभाग अन्तर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के सम्बन्ध में ब्लाक मुख्यालयों पर होल्डिंग्स लगवायें ताकि आमजन को योजनाओं एवं उनकी पात्रता के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्राप्त हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के सम्बन्ध में इस बात की जानकारी दी जाये कि कोई समस्या आने पर लाभार्थी किससे सम्पर्क करे कि उसका समाधान करा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान बताया कि गया कि अब तक लक्ष्य 90000 के सापेक्ष 70 वर्ष से अधिक आयु के 43000 बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाये गये हैं। इस सम्बन्ध में निर्देश दिया गया कि माह दिसम्बर 2026 तक शत-प्रतिशत बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड निर्गत करते हुए 70 वर्ष से अधिक उम्र के आयुष्मान कार्ड धारकों की सूची मा. जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये।
आवास योजनाओं की समीक्षा के दौरान आपात्र किये गए लाभार्थीयों की शिकायते प्राप्त हो रही है, विकास खंडो में प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण से सम्बंधित प्राप्त शिकायतों का रजिस्टर बनाकर जांच करते हुए पारदर्शी तरीके से निस्तारण कराया जाए। आपात्र पाए गए लाभार्थीयों को अपात्र होने के सम्बन्ध में पत्र के माध्यम से जानकारी दिए जाने तथा आवास सूची का प्रकाशन कराये जाने का निर्देश दिया गया।
ग्राम पंचायतो के लंबित भुगतान प्रकरणों का त्वरित गति से निस्तारण करने का निर्देश दिया गया। अन्नपूर्णा भवनों का जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लोकार्पण कराया जाय। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया गया कि टीएचआर यूनिट कितनी है जो समूह गठित हो रहे है उनकी सूची जनप्रतिनिधियों का उपलब्ध करा दी जाय। मा० विधायक बलहा श्रीमती सोनकर द्वारा सुझाव दिया गया कि जब कोई आयोजन या बैठक हो तो समूह के सभी सदस्यों को आमंत्रित किया जाय। पीएम किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया गया कि कितने लाभार्थी चयनित हुए है उनकी सूची होर्डिंग के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराया जाय और ऐसे कितने किसान है जिनकी किसान सम्मान निधि रूकी हुई उसकी लिस्ट मा. विधायकगणों को उपलब्ध कराया जाय।
खाद बीज वितरण कार्य की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया गया कि तकनीकी सहायकों के माध्यम से ग्रामवार फसल आच्छादन का सर्वे कराकर तदनुसार कृषकों को मानक के अनुसार समय से खाद एवं बीज का वितरण सुनिश्चित करायें। पंचायत राज विभाग की समीक्षा के दौरान बहुउद्देशीय पंचायत भवनों का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारम्भ कराने तथा पूर्ण हो चुके अन्त्येष्टि स्थलों का शीघ्र शीघ्र लोकार्पण कराये जाने के निर्देश दिये गये। सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान अन्तर्गत लम्बित आवेदन पत्रों का शीघ्र निस्तारण कराये जाने हेतु बैंक प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने के निर्देश दिये गये। श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने तथा विधानसभावार लाभार्थियों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये गये।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया गया कि विभागीय अधिकारियों के साथ मा. विधायकगण के साथ बैठक कर उन्हें विधानसभा क्षेत्रों में संचालित योजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी उपलब्ध करा दी जाय। मा०विधायक श्री त्रिपाठी ने सभी अधिकारियों को आहवान किया कि मा. जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय रखते हुए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को धरातल पर क्रियान्वित करें। जिला प्रोबेशन अधिकारी बहराइच को कन्या सुमंगला योजना अंतर्गत शत प्रतिशत लाभार्थीयों को लाभान्वित कराये जाने का निर्देश दिया गया। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी को जनपद बहराइच में समस्त धान क्रय केन्द्रों को संचालित कराये जाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अन्त मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों का आभार ज्ञापित करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त निर्देशों एवं सुझावों का समयबद्धता के साथ अनुपालन सुनिश्चित कराया जाय। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी व बीडीओ मौजूद रहे।



