
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को मथुरा में श्रीरामजन्मभूमि आंदोलन के महानायक एवं विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष परम पूज्य श्रद्धेय स्वर्गीय अशोक सिंघल जी की पुण्यतिथि पर उनके स्मृति-चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धेय अशोक सिंघल जी राष्ट्रवादी विचारधारा, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता के प्रखर संवाहक थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, धर्मनिष्ठा तथा भारतीय सभ्यता और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित कर दिया। उनका तपस्वी जीवन, सादगी, त्याग और समर्पण की भावना हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
श्री मौर्य ने कहा कि श्रीरामजन्मभूमि आंदोलन को राष्ट्रचेतना का विराट स्वर देने में अशोक सिंघल जी का अतुलनीय योगदान रहा। उनकी तपस्या, दूरदर्शी नेतृत्व और अदम्य साहस ने करोड़ों देशवासियों के हृदय में सांस्कृतिक आत्मगौरव एवं राष्ट्रीय चेतना का भाव जागृत किया। उन्होंने धर्म, समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धेय अशोक सिंघल जी का व्यक्तित्व त्याग, तपस्या, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का अद्वितीय उदाहरण है। भारतीय संस्कृति और सभ्यता की रक्षा के लिए उनका आजीवन संघर्ष तथा समाज को एकजुट करने के उनके प्रयास सदैव स्मरणीय रहेंगे। उनका जीवन दर्शन आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।
श्री मौर्य ने श्रद्धेय अशोक सिंघल जी की पुण्य स्मृतियों को नमन करते हुए कहा कि मातृभूमि की सेवा, धर्म रक्षा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए उनके द्वारा किया गया योगदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। राष्ट्र उनके महान जीवन आदर्शों और अतुलनीय योगदान को युगों-युगों तक कृतज्ञतापूर्वक स्मरण करता रहेगा।


