
बहराइच । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान सभी अर्ह नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को आलेख्य प्रकाशित सूची उपलब्ध कराते हुए अपेक्षा की गयी कि सभी राजनैतिक दल बूथ लेबिल एजेन्ट्स की तैनाती कर सूची जिला निर्वाचन कार्यालय, बहराइच को उपलब्ध करा दें ताकि विशेेष पुनरीक्षण कार्यक्रम अन्तर्गत समस्त अर्ह लोगों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराया जा सके।
डीएम श्री पाण्डेय ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य के लिए आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावली के आलेख्य का प्रकाशन कर दिया गया गया है। पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर 2026 तक होगी। दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसम्बर 2026 तक किया जायेगा तथा 04 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा। श्री पाण्डेय ने बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने हेतु 21, 22, 28 व 29 नवम्बर 2026 विशेष अभियान तिथियां होंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान की तिथियों पर जनपद के समस्त 2899 बीएलओ अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित होकर दावे तथा आपत्तियों प्राप्त करेंगे। विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद में 230 सेक्टर आफिसर, 34 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 07 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किये गये है। सन्दर्भित पुनरीक्षण में 16 दिसम्बर तक दावे तथा आपत्तियां प्राप्त की जायेगी। विधान सभा निर्वाचक नामावली का अन्तिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को होगा।
डीएम ने बताया कि प्रकाशित आलेख्य के अनुसार जनपद में मतदेय स्थलों की संख्या 2899 तथा कुल मतदाताओं की संख्या 2252099 है जिसमें पुरुष मतदाता 1226051, महिला मतदाता 1026009 तथा अन्य श्रेणी के 39 मतदाता हैं। विधानसभावार निर्वाचन क्षेत्रों की बात की जाय तो 282-बलहा (अ.जा.) में मतदेय स्थलों की संख्या 400 तथा कुल मतदाताओं की संख्या 316479 है जिसमें से पुरूष 174248, महिला 142228 जबकि अन्य की संख्या 3 है। 283-नानपारा में मतदेय स्थलों की संख्या 382 तथा कुल मतदाताओं की संख्या 291622 है जिसमें से पुरूष 159549, महिला 132072 जबकि अन्य की संख्या 1 है।
इसी प्रकार 284-मटेरा में मतदेय स्थलों की संख्या 395 तथा कुल मतदाताओं की संख्या 309576 है जिसमें से पुरूष 168434, महिला 141142 जबकि अन्य की संख्या शून्य है। 285-महसी में मतदेय स्थलों की संख्या 379 तथा कुल मतदाताओं की संख्या 3088039 है जिसमें से पुरूष 168596, महिला 139442 जबकि अन्य की संख्या 1 है। 286-बहराइच में मतदेय स्थलों की संख्या 444 तथा कुल मतदाताओं की संख्या 328426 है जिसमें से पुरूष 175364, महिला 153041 जबकि अन्य की संख्या 21 है। 287-पयागपुर में मतदेय स्थलों की संख्या 455 तथा कुल मतदाताओं की संख्या 356810 है जिसमें से पुरूष 193729, महिला 163075 जबकि अन्य की संख्या 6 है तथा 288-कैसरगंज में मतदेय स्थलों की संख्या 444 तथा कुल मतदाताओं की संख्या 341147 है जिसमें से पुरूष 186131, महिला 155009 जबकि अन्य की संख्या 7 है।
डीएम श्री पाण्डेय ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में जिन पात्र मतदाताओं को नाम सम्मिलित नहीं है तथा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हों, ऐसे नागरिक आयोग द्वारा निर्धारित प्रारूप-6 भरकर सम्बन्धित बूथ लेबिल आफिसर/कार्यालय निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी में जमा कर सकते हैं अथवा आयोग के ऐप ईसीआईएनईटी मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट वोटर्स डाट ईसीआई डाट जीओवी डाट इन के माध्यम से भी सबमिट किये जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त यदि कोई मतदाता अपनी प्रविष्टि में संशोधन कराना चाहता है, तो प्रारूप-8 भरकर जमा कर सकते हैं। डीएम ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें ताकि जिले के लिए त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरूण कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नीतू रानी, एसडीएम तथा राजनैतिक दलों के पदाधिकारी बसपा मण्डल प्रभारी अशर्फी लाल गौतम, भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा नन्हे लाल लोधी, कांग्रेस से जिला महासचिव हमजा शफीक, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जफर उल्खा खां (बन्टी), आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव अनुज कुमार पाठक व अपना दल (एस) से अध्यक्ष गिरीश कुमार पटेल मौजूद रहे।






