
बाराबंकी। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने कहा कि मोदी सरकार के नौ साल सेवा ,सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। देश शांति और समृद्धि दोनो मोर्चो पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। क्षेत्रीय अध्यक्ष बुधवार को त्रिवेदी गंज स्थित डाकबंगला में भाजपा संयुक्त मोर्चा सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि देश तेजी से बदल रहा है। कहा कि सप्रंग सरकार में औसत महंगाई दर 8.7 प्रतिशत थी, जबकि राजग सरकार में कोरोना महामारी के बावजूद औसत महंगाई दर 4.7 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नीत सरकार के दौरान भ्रष्टाचार चरम पर था। प्रधानमंत्री मोदी ने कमजोर हालात में देश की बागडोर 2014 में संभाली थी। जिनके नेतृत्व में देश विश्व की पांचवी सबसे बड़ी आर्थिकी बन चुका है। भरोसा जताया कि अगले दो वर्षो में देश विश्व की चैथी बड़ी आर्थिकी बन जायेगा। कहा कि मोदी सरकार ने ईज अॉफ लिविंग,ईज अॉफ डूइंग बिजनेस के बाद ईज अॉफ जस्टिस पर तेजी से काम करना शुरू किया है जिससे गरीबों को सस्ता और सुलभ न्याय मिल सके। उन्होंने किसानों की आय दोगुनी करने के दावे पर कहा कि 2013 की तुलना में 2023 में सभी फसलों के समर्थन मूल्य लगभग दो गुना हुए है,जबकि लागत मूल्य में खाद के मूल्य स्थिर हैं और बिजली लगभग फ्री है।इसके अतिरिक्त देश में करीब 11.39 करोड़ किसानों को सालाना छह हजार रुपए सम्मान निधि मिलने से बीज खरीदने के लिए कर्ज नहीं लेना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश की सनातन संस्कृति और परंपराएं बलवती हुई है। अयोध्या जी में भव्य और दिव्य राम मंदिर निर्माण प्रगति पर है। क्षेत्रीय अध्यक्ष मोदी सरकार की गरीब कल्याण से जुड़ी कई योजनाओं को गिनाया। सांसद उपेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में भ्रष्टाचार के चलते सिर शर्म से झुक जाता था,मगर मोदी के नेतृत्व में देश अब विश्व गुरु बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। इस अवसर विधायक दिनेश रावत, मनोज त्रिवेदी,गुरूसरण लोधी, अरविंद मौर्य, संदीप गुप्ता, सुशील जैसवाल, प्रमोद तिवारी, रोहित सिंह, रामेश्वरी त्रिवेदी, आशुतोष अवस्थी सहित सभी मोर्चों के पदाधिकारी ,कार्यकर्ता एवम समर्थक मौजूद रहे।