
अलीगढ़ : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान-2027 के अंतर्गत शनिवार को आयोजित विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने इगलास विधानसभा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय हस्तपुर में स्थापित बूथ संख्या 330, 331, 332 एवं 333 सहित अन्य बूथों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सभी बूथों पर बीएलओ आवश्यक अभिलेखों, सूचियों एवं निर्धारित प्रपत्रों के साथ उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने बीएलओ द्वारा अब तक किए गए कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए प्राप्त आवेदनों एवं नामावली में नाम सम्मिलित करने की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतिदिन प्राप्त होने वाले सभी फॉर्म निर्धारित समय में ऑनलाइन दर्ज किए जाएं। फॉर्म जमा करने वाले प्रत्येक आवेदक को प्राप्ति रसीद उपलब्ध कराई जाए और सभी बीएलओ अपनी व्यक्तिगत लॉगिन आईडी का ही प्रयोग करते हुए निर्वाचन संबंधी कार्यों का संपादन करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। विशेष रूप से 18-19 आयु वर्ग के युवाओं एवं ऐसे पात्र नागरिकों, जिनके नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं हो सके हैं, का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। उन्होंने बीएलओ को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिले के समस्त मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मतदेय स्थल की निर्वाचक नामावली में स्वयं एवं अपने परिवार के सभी सदस्यों के नाम का सत्यापन अवश्य कर लें। नाम दर्ज न होने अथवा किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर संबंधित बीएलओ को निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन उपलब्ध कराएं, ताकि निर्वाचक नामावली को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि रविवार 22 नवंबर और 28 एवं 29 नवंबर को भी विशेष बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा।











