
अलीगढ़ : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के अंतर्गत 21 एवं 22 नवम्बर को समस्त बूथों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत रोल प्रेक्षक/मण्डलायुक्त अलीगढ़ मण्डल, अलीगढ़ ओ.पी. आर्य ने जनपद अलीगढ़ की 75-कोल विधानसभा क्षेत्र एवं 76-शहर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र का निरीक्षण कर विशेष अभियान की प्रगति एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत आयोजित होने वाले अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए जनसामान्य को जागरूक करें तथा प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराएं।
रोल प्रेक्षक/मण्डलायुक्त ने सर्वप्रथम 75-कोल विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थल संत फिदेलिस सी0से0 स्कूल के बूथ संख्या 15, 16, 17, 18, 19, 20, 21, 22 एवं 76-शहर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजा महेन्द्र प्रताप सिंह अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय सिटी स्कूल के भाग संख्या 9, 10, 11, 12, 13, 14, 15, 16, 17, 18 का निरीक्षण कर मौजूद सुपरवाइजर, बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। मण्डलायुक्त ने मतदाता सूची को शतप्रतिशत त्रुटिरहित (करेक्ट) बनाने तथा किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित होने से न छूटने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अर्हता तिथि 01.01.2027 के आधार पर प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज होना अनिवार्य है। एएमयू सिटी स्कूल के भाग संख्या 14 पर तैनात बीएलओ रेनू वर्मा ने अपने कार्यों के संबंध में अपना रिपोर्ट कार्ड मण्डलायुक्त को दिखाया गया, जिसकी मण्डलायुक्त द्वारा सराहना की गई।
रोल प्रेक्षक/मण्डलायुक्त ने बीएलओ से जानकारी प्राप्त करने के उपरांत निर्देश दिए कि बीएलओ द्वारा घर-घर भ्रमण (डोर-टू-डोर) के सर्वे के आधार पर यह सुनिश्चित किया जाए कि कितने फॉर्म-6 भरे जाने शेष हैं। उन्हें एकत्रित कर पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाएं। परिवार के किसी भी छूटे हुए सदस्य की पहचान कर उनसे फॉर्म-6 भरवाया जाए। घर-घर भ्रमण तभी सार्थक माना जाएगा जब प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। इसके साथ ही घरों में विवाह के उपरांत आने वाली युवतियों/महिलाओं के नाम प्राथमिकता के आधार पर मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाएं। तो वहीं मृतक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएं तथा मृतक और शिफ्टेड मतदाताओं का 100 प्रतिशत सत्यापन किया जाए।
रोल प्रेक्षक/मण्डलायुक्त ने कहा कि एसआईआर के दौरान जिन मतदाताओं के नाम सिफ्टिड, मृतक होने की दशा में काटे गए थे, उनकी सूची लेकर एक बार पुनः बीएलओ द्वारा उनके घरों पर भ्रमण अनिवार्य रूप से करते हुए सत्यापन किया जाए। सत्यापन में पात्र पाए जाने पर (यदि किसी कारणवश नाम छूट गया हो) उन्हें पुनः सूची में सम्मिलित किया जाए। साथ ही एसआईआर के बाद प्राप्त फॉर्म-6, फार्म-8 और एसआईआर में काटे गए मतों का मिलान किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में जिन मतदाताओं की फोटो धुंधली, ब्लर या अस्पष्ट हैं, उनसे संपर्क कर फोटो तत्काल सही/बदलवाई जाएं। मण्डलायुक्त ने इस दौरान बीएलओ ऐप के संचालन की जानकारी ली गई। इसके अतिरिक्त हेल्प डेस्क पर तैनात नितिन कुमार से वार्ता कर निर्देशित किया गया कि हेल्प डेस्क पर सभी प्रकार के आवश्यक फॉर्म तथा मतदाता सूची से जुड़ी अद्यतन जानकारी उपलब्ध रहे, जिससे आने वाले लोगों को सही मार्गदर्शन व जानकारी मिल सके।
रोल प्रेक्षक/मण्डलायुक्त ने कहा कि निर्वाचक नामावली का शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन होना निष्पक्ष निर्वाचन की आधारशिला है। इसलिए अभियान को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ संचालित किया जाए। मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, आयु एवं अन्य विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर नियमानुसार आवश्यक संशोधन एवं विलोपन की कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि मतदान केंद्रों पर आने वाले नागरिकों को फॉर्म-6, फार्म-8 सहित विभिन्न निर्वाचन प्रपत्रों के संबंध में स्पष्ट जानकारी दें तथा आवेदन भरने में उनका सहयोग करें। विशेष रूप से पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को अभियान से जोड़ते हुए जागरूक किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होने से वंचित न रहे। मतदाता सूची सभी पात्रजनों द्वारा देख ली जाए, यदि उनका नाम सूची में सम्मिलित नहीं हैं या यदि कोई मतदाता अपना पता, फोटो या अन्य जानकारी बदलवाना चाहता है तो उसे आवश्यक जानकारी बीएलओ द्वारा दी जाए और आवश्यक फार्म अवश्य भरवाए जाएं। ऐज कॉहार्ड, जेण्डर रेशियो, ईपी रेशियो को एक बार चौक कर लिया जाए। वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों का भी सत्यापन कर मतदाता सूची में सम्मिलित किया जाए।
रोल प्रेक्षक/मण्डलायुक्त द्वारा निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त प्रशासन प्रदीप कुमार यादव, उप जिलाधिकारी कोल अजय कुमार शर्मा, तहसीलदार कोल मुकेश कुमार, दोेनों मतदेय स्थलों के सुपरवाइजर, बीएलओ आदि मौजूद रहे।





हैलो मैं रोल प्रेक्षक/मण्डलायुक्त बोल रहा हूं……….मतदाता सूची में अपनी फोटो सही एवं अद्यतन अवश्य करा लें…..
75-कोल विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थल संत फिदेलिस सी0से0 स्कूल के भाग संख्या 20 की मतदाता सूची चौक करने के दौरान मण्डलायुक्त ने पाया कि सूची में मतदाता शिवानी मोहन शर्मा का फोटो स्पष्ट नहीं हैं, इसके उपरांत रोल प्रेक्षक/मण्डलायुक्त द्वारा शिवानी मोहन शर्मा से स्वयं फोन पर वार्ता कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान अपनी मतदाता सूची में फोटो को स्पष्ट एवं पहचान योग्य करा लें, ताकि निर्वाचक नामावली में विवरण त्रुटिरहित दर्ज हो सके। इस संबंध में अपने बीएलओ से सम्पर्क कर आवश्यक संशोधन अवश्य करा लें।










