बाराबंकी। दरियाबाद थाना क्षेत्र के बैशन पुरवा मजरे निबहा गांव में दबंगई और सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ गांव के मुख्य खड़ंजे वाले लिंक मार्ग को खोदकर शौचालय का गड्ढा बनाने का प्रयास किया गया। सोमवार सुबह जानकारी होने पर ग्रामीणों के विरोध और डायल 112 पुलिस के हस्तक्षेप के बाद काम तो रुकवा दिया गया है, लेकिन घटना को लेकर गांव में भारी तनाव और आक्रोश व्याप्त है। मिली जानकारी के अनुसार, टिकैतनगर-भेलसर मार्ग से रानीमऊ जाने वाली पक्की सड़क से बैशन पुरवा को जोड़ने वाले लिंक मार्ग पर खड़ंजा लगा हुआ है। आरोप है कि रविवार की बीती रात गांव की रीना पत्नी विजयपाल), जमला पत्नी नक्छछेद और रेनू पत्नी शिवपाल ने कुछ अराजक तत्वों के बहकावे में आकर सार्वजनिक खड़ंजे पर बड़ा सा गड्ढा खोद डाला। ग्रामीणों के मुताबिक, इन महिलाओं के घर के पुरुष बाहर रहकर मजदूरी/काम करते हैं, जिसका फायदा उठाकर सड़क पर ही लैट्रिन का गड्ढा बनाने की नीयत से रास्ते को नुकसान पहुंचाया गया। गांव के निवासियों का कहना है कि यह समस्या केवल गड्ढे तक सीमित नहीं है। गांव को जाने वाली मुख्य सड़क पर शिवकुमार, अनिकेश और राजेश समेत दर्जनों लोग अपने मवेशी बांधकर लगातार अतिक्रमण कर रहे हैं। इससे रास्ता काफी संकरा व बाधित हो जाता है। आए दिन साइकिल व बाइक सवार असंतुलित होकर गिरते हैं और गंभीर रूप से चोटिल हो रहे हैं। आरोप यह भी है कि जब राहगीर इसका विरोध करते हैं, तो ये लोग उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता करते हैं। घटना से आक्रोशित गांव के निवासी जागेश्वर सिंह, आशीष सिंह, सुनीत कुमार सिंह आदि लोगों ने थाना अध्यक्ष को लिखित शिकायती पत्र देकर मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। बाक्स शिकायत प्राप्त हुई है। जल्द ही पुलिस टीम भेजकर मौके की स्थलीय जांच कराई जाएगी और मामले में जांचोपरांत उचित व न्यायसंगत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। धर्मेंद्र सिंह प्रभारी निरीक्षक, दरियाबाद