जनपद में छूटे हुए पात्र नागरिकों विशेषकर युवाओं और महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने का किया जायेगा हर सम्भव प्रयासः जिलाधिकारी

0
2
Advertisement

बहराइच। जनपद में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं को सम्मिलित करने के लिए विभिन्न विभागों के सहयोग से हर सम्भव प्रयास किये जायेंगे। इस संबंध में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक के दौरान निर्देश दिया कि विभागीय योजनाओं के लाभार्थियों, ब्लाक व ग्राम स्तरीय कार्मिकों विशेषकर आशा, एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं समूह सखियों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के साथ-साथ विभागीय कार्मिकों, गठित समूहों के सहयोग सें सभी पात्र युवाओं विशेषकर 18-19 आयु वर्ग के युवक-युवतियों एवं महिलाओं के नामों को मतदाता सूची में शामिल कराये जाने का प्रयास किया जाय।
जिलाधिकारी ने समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों कों निर्देश दिया गया है कि मतदाता सूचियों का गहनतापूर्वक मिलान पंचायत एवं नगरीय निकाय मतदाता सूची से करते हुए ऐसे समस्त नागरिक, जो विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने की पात्रता रखते हैं। ऐसे चिन्हांकित पात्र नागरिक जो भारत की किसी भी विधानसभा की मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं हैं, उनके फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम शामिल किये जाएं।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया है कि सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों के माध्यम से छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने में सहयोग लिया जाय। सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों में पंजीकृत राशन कार्डों में अंकित 18 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग के पात्र नागरिकों का चिन्हांकन कराया जाय तथा जिनके नाम वर्तमान मतदाता सूची में शामिल नहीं है। इन सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किये जाने हेतु फॉर्म-6 भरवाया जायेगा।
डीएम ने बताया कि वर्तमान मतदाता सूची में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं के सापेक्ष असामान्य रूप से कम है। जनपद में जेण्डर रेशियों में सुघार के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विभिन्न शासकीय विभागों तथा महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन के अतंर्गत कार्यरत आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, आशा, एएनएम एवं समूह सखियों का सहयोग प्राप्त किया जाय। लीड बैंक प्रबन्धक को निर्देशित किया गया कि बैंकों द्वारा संचालित योंजनाओं के सभी छूटे हुए अर्ह व्यक्ति भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहने पाये।
जिलाधिकारी ने कहा कि आशा, एएनएम तथा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में घर-घर भ्रमण किया जाता है। इस लिए इनकी सहायता से पात्र महिलाओं को चिन्हित कर फॉर्म-6 भरवाये जाने में सहयोग लिया जाय। इसी प्रकार प्रत्येक ग्राम में गठित महिला स्वंय सहायता समूह में कार्यरत समूह सखियों के सहयोग से भी ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक पात्र महिला का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने में सहयोग प्राप्त किया जाय। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरूण कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नीतूरानी व अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here