संत रविदास के विचार सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के प्रेरणास्रोत-श्री केशव प्रसाद मौर्य

0
3
Advertisement

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान, मेरठ में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा महासभा को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। उन्होंने संत रविदास जी के विचारों को सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और सामाजिक एकता का आधार बताते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी  के नेतृत्व में केंद्र सरकार संत रविदास जी के विचारों और उनके द्वारा दिए गए सामाजिक समानता के संदेश को व्यवहार में उतारने का कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान, समान अवसर और विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि संत-महापुरुषों के विचार समाज को जोड़ने और सामाजिक भेदभाव समाप्त करने की प्रेरणा देते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने मेरठ नगर निगम द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के नाम पर एक विशाल भवन का नामकरण किए जाने तथा उनकी एक भव्य प्रतिमा स्थापित किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचारों और उनके योगदान को चिरस्थायी बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल होगी।
उन्होंने महिला सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने की दिशा में केंद्र सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में उचित प्रतिनिधित्व प्रदान करना विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए आवश्यक है।
उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। बहन-बेटियों की सुरक्षा एवं सम्मान सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने मेरठ के आबूलेन प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर रहा है। उत्तर प्रदेश भी विकास, औद्योगिक निवेश, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने संत-महात्माओं का सम्मान किया तथा संत रविदास जी की चरण पादुका सिर पर धारण कर उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने सामाजिक समरसता और सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, सांसद श्री अरुण गोविल, भाजपा के महामंत्री राम प्रताप चौहान,क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री नवाब सिंह नागर, कैंट विधायक श्री अमित अग्रवाल, एमएलसी श्री धर्मेंद्र भारद्वाज, महापौर श्री हरिकांत अहलूवालिया, महानगर अध्यक्ष श्री विवेक रस्तोगी, जिलाध्यक्ष श्री हरवीर सिंह पाल सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, संत-महात्मा एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here