जिला पूर्ति अधिकारी सप्ताह में कम से कम तीन दिन क्षेत्र में जाकर वितरण व्यवस्था की जांच करें-मनोज कुमार पाण्डेय

0
1
Advertisement

उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री मनोज कुमार पाण्डेय ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक जिला पूर्ति अधिकारी सप्ताह के कार्य दिवसों में कम से कम तीन दिन खाद्यान्न वितरण के समय उचित दर दुकानों पर जाकर वितरण व्यवस्था की जांच करें। अधिकारी अपने साथ तौल मशीन लेकर जाएं और लाभार्थियों को प्राप्त राशन की तौल का सत्यापन करें। निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उसकी एक प्रति मंत्री कार्यालय को भी उपलब्ध कराई जाए।
श्री पाण्डेय आज गूगल मीट के माध्यम से प्रदेश के संयुक्त आयुक्त/उपायुक्त (खाद्य) एवं जिला पूर्ति अधिकारियों के साथ विभागीय कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोटेदारों से किसी भी प्रकार की वसूली नहीं की जाए। ऐसा प्रकरण उनके संज्ञान में आने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने अधिकारियों को कोटेदारों की बैठक आयोजित कर उन्हें लाभार्थियों के साथ अच्छा व्यवहार रखने के निर्देश देने को कहा। खाद्यान्न की गुणवत्ता के संबंध में उन्होंने निर्देश दिए कि गुणवत्ताविहीन अथवा खराब खाद्यान्न प्राप्त होने की स्थिति में उसका वितरण न कराया जाए।
बैठक में अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण, राशनकार्ड सदस्यों की ई-केवाईसी, उचित दर दुकानों के व्यवस्थापन एवं निरीक्षण, राशनकार्ड आवेदनों, ई-पीओडी तथा विभिन्न पोर्टलों पर जनशिकायतों के निस्तारण की जनपदवार एवं मण्डलवार प्रगति की समीक्षा की गई।

Advertisement

प्रस्तुत विवरण के अनुसार प्रदेश में विभिन्न वित्तीय वर्षों के अंतर्गत 9,023 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण पूर्ण हो चुका है तथा 1,373 भवन निर्माणाधीन हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के विभागीय बजट से संबंधित भवनों में 1,713 का निर्माण पूर्ण तथा 635 का निर्माण प्रगतिमान है। इनमें 327 भवन छत स्तर और 206 भवन लिंटर स्तर तक पहुंच चुके हैं।
राशनकार्ड सदस्यों की ई-केवाईसी में 26 नवंबर, 2026 तक प्रदेश की प्रगति 95.04 प्रतिशत रही है। कुल 13,91,54,957 सदस्यों की ई-केवाईसी पूर्ण की जा चुकी है। बस्ती 98.42 प्रतिशत उपलब्धि के साथ प्रथम स्थान पर है। अम्बेडकर नगर, आजमगढ़, अमेठी तथा एटा भी अग्रणी जनपदों में शामिल हैं।
जनशिकायतों के निस्तारण के संबंध में अवगत कराया गया कि मेरा राशन/एनएफएसए पोर्टल पर प्राप्त 47,102 संदर्भों में से 46,631 का निस्तारण किया गया है। इसका निस्तारण प्रतिशत 99 है। सीपीग्राम पर प्राप्त 12,696 संदर्भों में से 12,454 निस्तारित किए गए हैं तथा निस्तारण प्रतिशत 98.09 है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त 2,35,571 संदर्भों में से 2,24,591 का निस्तारण किया गया है, जिसकी प्रगति 95.34 प्रतिशत है।
राशनकार्ड संबंधी एसएसडीजी आवेदनों में अप्रैल 2018 से 26 नवंबर, 2026 तक प्राप्त 2,86,65,804 आवेदनों में से 2,81,49,304 का निस्तारण किया गया है। बैठक में शेष आवेदनों तथा अधिक समय से लंबित प्रकरणों की स्थिति भी प्रस्तुत की गई।
प्रदेश में संचालित 78,290 उचित दर दुकानों में 65,880 ग्रामीण तथा 12,410 नगरीय क्षेत्रों में स्थित हैं। बैठक में निलंबित एवं निरस्त दुकानों के व्यवस्थापन तथा निरीक्षण की प्रगति की समीक्षा की गई। संयुक्त आयुक्त/उपायुक्त (खाद्य) स्तर पर वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष 838 तथा जिला पूर्ति अधिकारी स्तर पर 3,951 निरीक्षण किए गए हैं।
सिंगल स्टेज परिवहन व्यवस्था के अंतर्गत संबंधित अवधि की 1,25,842 प्रविष्टियों में 48 घंटे के भीतर ई-पीओडी दर्ज किया गया है। इनमें 76,829 प्रविष्टियों का सत्यापन प्रथम 24 घंटे में हुआ है। विभागीय कार्मिकों के एसीपी प्रकरणों में प्राप्त सभी 93 प्रस्ताव वित्त को प्रेषित किए जाने तथा आपत्तियों के निराकरण की प्रगति भी बैठक में प्रस्तुत की गई।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here