शासन के निर्देशानुसार महिला कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित किए जा रहे पांच दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यक्रम ‘तरंग फेस्ट’ में प्रतिभाग करने के लिए शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026 को प्रदेश के विभिन्न जनपदों की बाल देखरेख संस्थाओं में निवासरत बच्चों का राजधानी लखनऊ आगमन हुआ। निदेशालय महिला कल्याण, उत्तर प्रदेश से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पांच दिवसीय राज्य स्तरीय महोत्सव 27 नवम्बर से 01 दिसम्बर 2026 तक लखनऊ के इंडिया लिटरेसी बोर्ड (ट्रांसपोर्ट नगर, कानपुर रोड) तथा भागीदारी भवन (गोमती नगर) में आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों में संचालित बाल देखरेख संस्थाओं से 109 बालक और 196 बालिकाएं, इस प्रकार कुल 305 बच्चे उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रहे हैं।
विभिन्न जनपदों से आने वाले बच्चों के सुरक्षित आवागमन, ठहरने, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए विभाग द्वारा समुचित व्यवस्था की गई है। संबंधित जनपदों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्यम से बच्चों के लखनऊ आगमन तथा उनके निर्धारित आवासीय स्थलों तक पहुंचने के लिए प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया गया। ‘तरंग फेस्ट’ का प्रमुख उद्देश्य बाल देखरेख संस्थाओं में निवासरत बच्चों को अपनी प्रतिभा एवं क्षमताओं के प्रदर्शन के लिए एक सशक्त राज्य स्तरीय मंच उपलब्ध कराना है। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, खेल भावना तथा आपसी सहयोग की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा।
महोत्सव के आगामी दिवसों में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं के अंतर्गत बच्चों को चित्रकला, पेंटिंग, खेल-कूद एवं रंगोली जैसी रचनात्मक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त सर्वश्रेष्ठ बाल देखरेख संस्था, सर्वश्रेष्ठ गार्डन, सर्वश्रेष्ठ कुक एवं सर्वश्रेष्ठ सफाईकर्मी जैसी श्रेणियों में भी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु शैक्षिक भ्रमण, मनोरंजक गतिविधियां एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी निर्धारित किए गए हैं।
आयोजन की श्रृंखला में आगामी 30 नवम्बर, 2026 को गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में समापन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी बच्चों, बाल देखरेख संस्थाओं के उत्कृष्ट कार्मिकों एवं सर्वश्रेष्ठ संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। बालक-बालिकाओं को मिलने वाला यह पुरस्कार न केवल उन्हें आगामी जीवन में और उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करेगा, बल्कि अन्य बालक-बालिकाओं को भी प्रेरणा प्रदान करेगा। इस प्रकार ‘तरंग फेस्ट’ बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने, नए अनुभव प्राप्त करने एवं विभिन्न जनपदों के बच्चों के साथ संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

