जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला खनिज न्यास निधि की बैठक आयोजित, विकास कार्यों की हुई समीक्षा

0
3
Advertisement

बहराइच । जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मा. जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिला खनिज न्यास निधि के अंतर्गत प्राप्त धनराशि से कराए जा रहे एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सड़क, ग्रामीण अवस्थापना तथा जनसामान्य को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने खनन प्रभावित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराए जाने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। कार्यों के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं वित्तीय नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, विधायक नानपारा राम निवास वर्मा, विधायक कैसरगंज आनन्द यादव, भाजपा जिला महामंत्री रणविजय सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी बहराइच सुन्दरेशा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
                        :ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई गौसंरक्षण, अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समिति की बैठक

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय गौसंरक्षण, अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित अस्थायी गोआश्रय स्थलों एवं बृहद गो संरक्षण केंद्रों की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी संरक्षित गोवंशों को भूसा, चारा, चोकर, चूनी एवं पशुआहार के साथ मानक के अनुसार हरा चारा अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने गोवंशों के भरण-पोषण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में कहीं भी पुआल नहीं जलनी चाहिए। यदि कोई व्यक्ति पुआल जलाता है तो उसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया कि नगरीय क्षेत्रों की सड़कों पर निराश्रित गोवंश दिखाई नहीं देने चाहिए। यदि सड़कों पर निराश्रित गोवंश पाए जाते हैं तो संबंधित की जवाबदेही निर्धारित करते हुए कार्रवाई की जाएगी। उन्होनें जनपद के समस्त गोआश्रय स्थलों को सीसीटीवी कैमरों से आच्छादित कराते हुए उन्हें क्रियाशील रखने तथा जिला कमांड सेंटर से लिंक करने के निर्देश दिए, ताकि गोआश्रय स्थलों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को प्रतिदिन गोआश्रय स्थलों का निरीक्षण कराने तथा वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिये गये कि सभी विभाग, खण्ड विकास अधिकारी अपने स्तर से प्रयास कर     कृषकों से अधिक से अधिक पुआल प्राप्त करें ताकि संरक्षित गौवंशो के लिए शरद ऋतु में किसी प्रकार की असुविधा न होने पाये। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि ठंड के मौसम को देखते हुए गोवंशों के बाड़ों में टाट एवं तिरपाल लगवा दिये जायें जिससे गोवंशों को ठंड के मौसम से सुरक्षा प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाय कि किसी गो आश्रय स्थल में संरक्षित गोवंश खुले में न रहने पाएं। बैठक में सोलर पैनल की व्यवस्था, सहभागिता के गोवंश, अभिलेखों के रख-रखाव हेतु अलमारी, गोआश्रय स्थल से भूसा संग्रहालय तक खड़ंजा निर्माण, नगरीय गोशालाओं की स्थिति एवं केयरटेकर के मानदेय सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का संचालन मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, जिला उद्यान अधिकारी दिनेश चौधरी, पशु चिकित्सक सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here