बहराइच में स्वगणना अभियान का हुआ शुभारंभ, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा की गई अधिकाधिक स्वगणना की अपील

0
2
Advertisement

बहराइच। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत 16 नवम्बर 2026 से 30 नवम्बर 2026 तक स्व-गणना प्रक्रिया के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनसहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में विधान परिषद सदस्य डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी व विधायक सदर श्रीमती अनुपमा जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थिति रहे।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सदर विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वगणना में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से स्वयं स्वगणना करने के साथ-साथ अपने परिवार, परिचितों एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। विधान परिषद सदस्य श्रीमती डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने भी स्वगणना अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना देश की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या एवं उससे संबंधित आवश्यक आँकड़े संकलित किए जाते हैं। इन आँकड़ों का उपयोग देश की नीतियों, योजनाओं एवं विकास संबंधी निर्णयों के निर्माण में किया जाता है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील है कि वे स्व-गणना में भाग लें तथा घर-घर गणना के दौरान प्रगणकों को पूरा सहयोग प्रदान करें। प्रत्येक प्रश्न का सही एवं पूर्ण उत्तर दें, ताकि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। जनगणना से प्राप्त सटीक आँकड़े देश की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। कार्यक्रम का संचालन जनगणना मास्टर ट्रेनर डॉ. नन्द कुमार शुक्ल, अमित कुमार पाण्डेय एवं नैमिष गुप्ता द्वारा किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वगणना की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए उनकी स्वगणना कराई गई।
सभागार में आयोजित कार्यक्रम के उपरान्त जनपद में स्वगणना को जन-अभियान का स्वरूप प्रदान करने तथा आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विकास भवन परिसर से स्कूली बच्चों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता व अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार के साथ हरी झंडी दिखाकर जागरूकता वाहनों एवं रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से बच्चों ने नागरिकों को स्वगणना के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने का संदेश दिया। जबकि जागरूकता वाहन जनपद में भ्रमण कर आमजन को जनगणना-2027 अन्तर्गत 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 की सम्पन्न होने वाली स्वगणना हेतु जनपदवासियों को जागरूक किया जायेगा।

Advertisement
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here