
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ
सरदार पटेल का अद्वितीय नेतृत्व, दृढ़ इच्छाशक्ति एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत -आयुक्त ओ.पी. आर्य
अलीगढ़ : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयुक्त अलीगढ़ मण्डल, अलीगढ़ श्री ओ.पी. आर्य ने आयुक्त कार्यालय सभागार में सरदार पटेल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर आयुक्त श्री ओ.पी. आर्य ने सरदार वल्लभभाई पटेल जी के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के पश्चात देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। उनकी अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता, दृढ़ नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनका जीवन हम सभी को राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का महत्वपूर्ण अवसर है। भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। हमें जाति, धर्म, भाषा एवं क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी सौहार्द, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक मजबूत बनाना चाहिए।
आयुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करें तथा जनसेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनें। इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रथम अखिलेश यादव, प्रशासनिक अधिकारी संजय गौड़ सहित अन्य अधिकारीगण, आयुक्त कार्यालय के विभिन्न अनुभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









