बहराइच । कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संचालित सड़क सुरक्षा अभियान की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि 30 नवम्बर 2026 तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत विशेष प्रवर्तन एवं जागरूकता संबंधी कार्यवाही की जा रही है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए जागरूक किया जाए। व्यावसायिक वाहनों पर नियमानुसार रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगवाना सुनिश्चित किया जाए। ऑटो, ई-रिक्शा चालकों, बस एवं ट्रक संचालकों के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति सजग एवं जिम्मेदार रहने के लिए प्रेरित किया जाए।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के कारणों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा विद्युत विभाग को जनपद में अनावश्यक विद्युत पोल हटवाने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस एवं परिवहन विभाग को नियमित रूप से प्रवर्तन कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर एआरटीओ सुशील कुमार, अधि. अभि. लो.नि.वि. अमर सिंह व प्रदीप कुमार, ईओ प्रमिता सिंह सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।



