राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न, सीडीओ ने दिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

0
3
Advertisement

बहराइच। दीनदयाल अन्त्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत विकास भवन सभागार, में मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त स्वतः रोजगार, जिला मिशन प्रबंधक, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) एवं ब्लॉक मिशन मैनेजर उपस्थित रहे।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विकासखण्डवार सामुदायिक निवेश निधि, कैडर मानदेय, स्वयं सहायता समूहों के बचत खातों की प्रगति, विद्युत सखी एवं स्वास्थ्य सखी के चयन, आजीविका रजिस्टर, कैश क्रेडिट लिंकेज, समूह स्टार्टअप, फैमिली आईडी, एसएचजी एवं बीओ ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, बैंकिंग लिंकेज तथा अन्य विभागीय पोर्टलों पर हुई प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान विभिन्न विकासखण्डों में योजनाओं की प्रगति अपेक्षानुसार न पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं ब्लॉक मिशन प्रबंधकों को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही एवं कार्यों में शिथिलता बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि ग्राम निधि पोर्टल पर डिमांड प्राप्त होने के उपरान्त दो दिवस के अन्दर संबंधित अभिलेख एवं पावती जनपद कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप विभिन्न मदों के भुगतान संबंधी कार्यवाही 30 नवम्बर 2026 तक पूर्ण कर संबंधित प्रकरण कोषागार में प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों के बचत खाते खुलवाने तथा डीबीएमएस पोर्टल पर आवश्यक विवरण एवं प्रविष्टियां पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने एवं निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Advertisement
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here