मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक 26 नवम्बर को

0
4
Advertisement

अलीगढ़ : संयुक्त विकास आयुक्त मंशाराम यादव ने सूचित किया है कि शासन की मंशानुरूप बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और अनुश्रवण को लेकर अलीगढ़ मण्डल में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया जा रहा है। मण्डलायुक्त ओ.पी. आर्य की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आगामी 26 नवम्बर को अपरान्ह 03 बजे सर्किट हाउस के सभागार में आयोजित होगी।  
उन्होंने बताया कि मण्डलायुक्त द्वारा आयोजित बैठक में शासन द्वारा निर्धारित 30 महत्वपूर्ण बिन्दुओं और विभागीय कार्यक्रमों की बिन्दुवार समीक्षा की जाएगी, जिसके अंतर्गत आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों, छात्रों के पठन-पाठन और शिक्षा अधिगम स्तर में सुधार, समग्र शिक्षा अभियान, निपुण भारत योजना और पीएम श्री योजना का क्रियान्वयन, पीएम पोषण योजना के तहत गुणवत्तापूर्ण भोजन, रसोइयों का मानदेय और कन्वर्जन कास्ट का समय पर प्रेषण, प्रोजेक्ट अलंकार, स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, विज्ञान प्रयोगशालाएं तथा लाइब्रेरी का प्रभावी उपयोग, अध्यापकों के समायोजन, यू-डाइस अपडेशन, चयनमान/प्रोन्नत वेतनमान तथा लंबित एरियर/सेवानिवृत्तिक देयों का निस्तारण, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों, बाल वाटिका, खेलकूद गतिविधियों और यूल्लास योजना की प्रगति रिपोर्ट पर समीक्षा की जाएगी।  
संयुक्त विकास आयुक्त ने बताया कि आयोजित समीक्षा बैठक में अलीगढ़ मण्डल के सभी जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, डायट प्राचार्य और अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करेंगे।

Advertisement
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here