
अलीगढ़ : मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में कराए गए वृक्षारोपण कार्यों की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण स्थलों का स्थलीय सत्यापन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि सत्यापन के लिए नामित अधिकारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में संबंधित खंड विकास अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए वृक्षारोपण स्थलों का निरीक्षण करें और निर्धारित प्रारूप में सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत करें। निरीक्षण के दौरान लगाए गए पौधों की संख्या, उनकी वर्तमान स्थिति, जीवित पौधों का विवरण और पौधों के संरक्षण एवं रखरखाव की व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सत्यापन कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और अभिलेखों में दर्ज वृक्षारोपण के आंकड़ों का स्थलीय स्थिति से मिलान करते हुए तथ्यपरक रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। यदि कहीं पौधों के संरक्षण, सिंचाई अथवा देखभाल में कमी पाई जाती है तो संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान का वास्तविक उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षित कर वृक्ष के रूप में विकसित करना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण पर विशेष ध्यान दें, ताकि जिले में हरित क्षेत्र का विस्तार होने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी मजबूती मिल सके।








