भारत-नेपाल के बीच साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू, पीएम मोदी और बालेंद्र शाह ने दिखाई हरी झंडी

0
4
Advertisement

 भारत के अयोध्या और नेपाल के जनकपुर का त्रेता युगीन रिश्ता फिर जीवंत हो गया। सोमवार को दोनों देशों के बीच रेल सेवा शुरु हो गई है।

Advertisement

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाली प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस से संयुक्त रूप से अयोध्या कैंट और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। पीएम मोदी और नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह ने वर्चुअल माध्यम से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन सप्ताह में एक बार चलेगी और भारत से नेपाल के बीच सीधे चलने वाली यह एकमात्र ट्रेन है।

सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ पिछले कुछ घंटों की बातचीत में नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों के प्रति उनके स्पष्ट दृष्टिकोण एवं प्रतिबद्धता को महसूस किया है, जो नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और उम्मीदों को दर्शाता है। दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, बल्कि अटूट विश्वास का है। दोनों देशों की चुनौतियां भी एक-दूसरे की प्रगति में सहभागी हैं।पीएम मोदी ने नेपाल में पिछले महीनों आई आपदा पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को मजबूती देने के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के डेवलपमेंट कॉरपोरेशन पैकेज की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारत नेपाल के विकास और पुनर्निर्माण में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

माना जा रहा है कि कलियुग में सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत और नेपाल से संबंधों को नई गति देगी। रामनगरी और मिथिला के बीच रेल संपर्क से दोनों देशों के श्रद्धालुओं को एक-दूसरे के आराध्य के दर्शन सहज होंगे तो सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और आर्थिक संबंध भी प्रगाढ़ होंगे। अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच की दूरी करीब 604 किलोमीटर है। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के दस स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इसमें अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो (दरभंगा), मधुबनी और जयनगर शामिल है। इस ट्रेन का भारत में आखिरी स्टेशन जयनगर होगा। जयनगर क्रॉस करने के बाद यह ट्रेन नेपाल के जनकपुर धाम में रुकेगी।

28 नवंबर से आम यात्री कर सकेंगे सफर

अयोध्या से जनकपुर धाम तक सीधी ट्रेन सेवा का उद्घाटन 23 नवंबर को हुआ, लेकिन 28 नवंबर से आम जन इस रेल सेवा में यात्रा कर सकेंगे। अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी लगभग 18 घंटे में पूरी होगी। यात्रियों को रास्ते में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह रेलसेवा सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार और जनकपुर धाम से प्रत्येक शनिवार को ट्रेन रवाना होगी।
निर्धारित समय सारिणी के अनुसार, यह ट्रेन सोमवार को शाम 5 बजकर 50 मिनट पर अयोध्या कैंट से जनकपुर के लिए रवाना होगी। जनकपुर से यह ट्रेन शनिवार को दोपहर एक बजकर 10 मिनट पर अयोध्या के लिए प्रस्थान करेगी।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here