कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तजवापुर का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

0
1
Advertisement

बहराइच । जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तजवापुर का निरीक्षण कर छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षिक, आवासीय एवं बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से आत्मीय संवाद किया और उनसे पढ़ाई-लिखाई से जुड़े सवाल पूछकर शिक्षा की गुणवत्ता एवं विषयों पर उनकी समझ को परखा। डीएम के सवालों का जवाब देने में छात्राओं ने भी उत्साह दिखाया।
जिलाधिकारी ने छात्राओं से पहाड़े सुनने के साथ अंग्रेजी विषय में नाउन, प्रोनाउन और टेंस के बारे में सवाल किए। उन्होंने छात्राओं से हिंदी वाक्यों का अंग्रेजी में अनुवाद भी कराया। वहीं भूगोल विषय में जलवायु और महाद्वीपों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके सामान्य ज्ञान एवं विषयगत समझ का आकलन किया। जिलाधिकारी ने छात्राओं की प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें पूरे मनोयोग से पढ़ाई करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि छात्राओं की विषयगत समझ, तार्किक क्षमता और सीखने की रुचि को भी विकसित करना जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि छात्राओं की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देते हुए उनकी शैक्षिक प्रगति का नियमित मूल्यांकन किया जाए।
विद्यालय की आवासीय एवं भोजन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि छात्राओं को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में रहने वाली छात्राओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि शरद ऋतु के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं दुरूस्त रखी जाय ताकि छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाये।
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को छात्राओं के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण बनाए रखने, सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन कराने तथा सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा की गुणवत्ता के साथ छात्राओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और आवासीय सुविधाओं में भी किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। डीएम ने निर्देश दिया कि विद्यालय में छत्राओं के लिए प्रतिमाह स्वास्थ्य शिविर कैम्प भी लगवाये जाय। निरीक्षण के अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार, अधिशासी अभियन्ता निर्माण खण्ड अमर सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here