बहराइच । जनपद के विकास खण्ड तेजवापुर की ग्राम पंचायत तेजवापुर के उच्च प्रा.वि. बेड़नापुर परिसर में सी.एस.आर. पहल के अन्तर्गत भारत की नवरत्न संस्था ओ.एन.जी.सी. द्वारा वित्त पोषित रू. 2398.19 लाख की लागत से कार्यदायी संस्था लो.नि.वि. निर्माण खण्ड बलरामपुर अन्तर्गत मेसर्स प्रिज्म कान्स्ट्रक्शन, बाराबंकी द्वारा 3.412 हेक्टेयर क्षेत्रफल में निर्मित प्रि-प्राइमरी से कक्षा 12 तक मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया।
कार्य स्थल के निरीक्षण के दौरान बताया गया कि मुख्य भवन में द्वितीय तल के छत ढलाई का कार्य पूर्ण एवं मम्टी की छत ढलाई हेतु सरिया व शटरिंग का कार्य प्रगति पर तथा भू-तल एवं प्रथम तल पर कोटा स्टोन व टाइलिंग का कार्य प्रगति पर। साथ ही द्वितीय तल पर ब्रिक चिनाई एवं प्लास्टर का कार्य प्रगति पर है लगभग 86 प्रतिशत कार्य करा लिया गया है। जिलाधिकारी ने मिड डे मील भवन, बाल वाटिका भवन, मल्टीपर्पज हाल, स्टाफ रेज़िडेन्ट भवन, प्रिन्सिपल रेज़ीडेन्ट भवन एवं डारमेट्री भवन स्ट्रक्चर कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि पुट्टी एवं फ्लोरिंग के साथ-साथ प्लम्बिंग का कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है। कार्य प्रारम्भ होने की तिथि की बाबत जानकारी करने पर बताया गया कि 29 अप्रैल 2025 को प्रारभ हुआ था। जबकि कार्य समाप्ति की वास्तविक/संभावित तिथि 28 जनवरी 2027 निर्धारित है।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि शासन द्वारा निर्धारित मानक एवं गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण कराये तथा भवन के हस्तान्तरण की कार्यवाही पूर्ण कर इसे छात्र-छात्राओं की शिक्षा-दीक्षा हेतु उपयोग में लाया जा सके। इस अवसर पर अधि.अभि. लो.नि.वि. निर्माण खण्ड अमर सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह सहित अन्य सम्बन्धित लोग मौजूद रहे।





