
अलीगढ़ : संयुक्त विकास आयुक्त मंशाराम यादव एवं उप निदेशक युवा कल्याण विवेक चंद्र श्रीवास्तव द्वारा संयुक्त रूप से शनिवार को युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में आयोजित मण्डल स्तरीय युवा उत्सव-2026 का शुभारंभ धर्म समाज इंटर कॉलेज अलीगढ़ में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता, कौशल एवं व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना रहा।
युवा उत्सव के अंतर्गत कविता लेखन, ग्रुप संगीत, सामूहिक लोकनृत्य, पेंटिंग एवं अन्य विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में जनपद अलीगढ़, कासगंज, हाथरस एवं एटा के विजेता प्रतिभागियों द्वारा उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सामूहिक लोकनृत्य प्रतियोगिता में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, अलीगढ़ की छात्राओं ने अपनी शानदार प्रस्तुति दी। वहीं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में डी.एस. डिग्री कॉलेज, अलीगढ़ ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कविता लेखन में भूपेंद्र कुमार द्वारा तथा पेंटिंग प्रतियोगिता में कुमारी निधि मिश्रा टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज अलीगढ़ द्वार प्रथम स्थान प्राप्त किया गया। सामूहिक लोक नृत्य में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज अलीगढ़ की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभाओं को उपनिदेशक युवा कल्याण द्वारा प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ने तथा खेल एवं रचनात्मक क्षेत्रों में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हुआ।










