हुनर से अपना भविष्य संवार रहे युवा समृद्धि की ओर बढ़ते उत्तर प्रदेश की असली ताकत-श्री केशव प्रसाद मौर्य

0
4
Advertisement

डबल इंजन सरकार युवाओं को कौशल, अवसर और रोजगार से जोड़कर बना रही है आत्मनिर्भर

Advertisement

प्रयागराज के वृहद रोजगार महोत्सव-2026 में 2,419 युवाओं का चयन, उप मुख्यमंत्री ने वितरित किए नियुक्ति-पत्र

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अपने ‘हुनर’ और परिश्रम से अपना भविष्य संवार रहे युवा ही समृद्धि की ओर बढ़ते उत्तर प्रदेश की असली ताकत हैं’। ’युवाओं की प्रतिभा, कौशल और ऊर्जा प्रदेश के विकास की सबसे बड़ी पूंजी है’। ’डबल इंजन सरकार युवाओं को कौशल, अवसर और रोजगार से जोड़कर उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के साथ ही उद्यम एवं रोजगार के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश को अग्रणी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को प्रयागराज में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, प्रयागराज एवं शम्भूनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, झलवा, प्रयागराज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘वृहद रोजगार महोत्सव-2026’ के समापन समारोह में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने चयनित युवाओं को नियुक्ति-पत्र वितरित किए तथा उन्हें संबोधित करते हुए रोजगार प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों से अपने नियुक्ति स्थल पर अवश्य कार्यभार ग्रहण करने का आह्वान किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति-पत्र युवाओं के जीवन के दूसरे चरण का पहला कदम है। यह केवल रोजगार प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। युवाओं का यह कदम विकसित प्रयागराज, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा, मेहनत और कार्यकुशलता के बल पर आगे बढ़ने तथा अपने परिवार, समाज और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि 17 एवं 18 नवम्बर, 2026 को शम्भूनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, झलवा, प्रयागराज परिसर में आयोजित इस दो दिवसीय रोजगार महोत्सव में 100 से अधिक कंपनियों ने लगभग 35 हजार रिक्तियों के सापेक्ष युवाओं के चयन के लिए प्रतिभाग किया। रोजगार महोत्सव में कुल 16,790 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें 17 नवम्बर को 54 कंपनियों द्वारा 1,147 तथा 18 नवम्बर को 64 कंपनियों द्वारा 1,272 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इस प्रकार दोनों दिनों में कुल 2,419 युवाओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए चयनित किया गया।

रोजगार महोत्सव के आयोजन की रूपरेखा क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, प्रयागराज के सहायक निदेशक श्री राजीव कुमार यादव द्वारा तैयार की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शम्भूनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के सचिव श्री अभिषेक तिवारी ने प्रतिभागी अभ्यर्थियों को प्रेरणादायी संदेश दिया। संस्थान के संस्थापक श्री कौशल कुमार तिवारी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने के साथ ही उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. आर.के. सिंह ने उपस्थित अतिथियों एवं नियोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण,  संस्थान के पदाधिकारी, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि, नियोजक एवं बड़ी संख्या में रोजगार के इच्छुक युवा उपस्थित रहे।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here