
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज प्रयागराज में ‘विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित प्रयागराज’ विषय पर आयोजित ‘दैनिक जागरण विमर्श’ कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे नागरिकों को सम्मानित किया तथा उन्हें संबोधित किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में उत्तर प्रदेश भी विकास, नवाचार और जनभागीदारी के नए आयाम स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास की गति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, बेहतर कानून-व्यवस्था, निवेश को प्रोत्साहन, रोजगार के अवसरों के सृजन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से विकास का नया वातावरण तैयार हुआ है।
उन्होंने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश का लक्ष्य केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना, युवाओं को अवसर उपलब्ध कराना, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, किसानों की समृद्धि सुनिश्चित करना और प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रयागराज जैसे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व वाले शहर की विकास यात्रा प्रदेश की समग्र प्रगति को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी प्रदेश और समाज की वास्तविक ताकत वहां के कर्मठ, प्रतिभाशाली और समर्पित नागरिक होते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, उद्यमिता, कृषि, उद्योग, कला, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका सम्मान करना उनके योगदान को पहचान देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को बेहतर कार्य करने और समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देना भी है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश का सपना सरकार के साथ-साथ समाज के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही साकार होगा। हम सभी को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी, निष्ठा और उत्कृष्टता के साथ योगदान देना होगा। सामूहिक प्रयास, सकारात्मक सोच और जनसहभागिता से प्रयागराज सहित पूरे उत्तर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
उप मुख्यमंत्री ने दैनिक जागरण परिवार को इस महत्वपूर्ण विषय पर विमर्श आयोजित करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों को सम्मानित करने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर दैनिक जागरण परिवार के सदस्यगण, जनप्रतिनिधिगण तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।











