एक्यूप्रेशर पद्धति के विस्तार से उपचार के साथ रोजगार के भी बढ़ेंगे अवसर-श्री केशव प्रसाद मौर्य

0
5
Advertisement

एक्यूप्रेशर पद्धति को मान्यता दिलाने और चिकित्सा शिक्षा से जोड़ने के लिए सरकार करेगी सहयोग
मानव कल्याण की इस उपयोगी विधा को संस्थागत स्वरूप
देने की आवश्यकता

Advertisement

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि एक्यूप्रेशर पद्धति मानव कल्याण और जनस्वास्थ्य से जुड़ी एक उपयोगी विधा है’। इसे उचित मान्यता दिलाने तथा चिकित्सा शिक्षा से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए। इस क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं को प्रोत्साहित कर इसे संस्थागत स्वरूप प्रदान करने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके और इस क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन एवं रोजगार के नए अवसर विकसित हो सकें।
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज में एम.पी. खेमका कॉलेज के 28वें राष्ट्रीय एवं चौथे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन तथा सुपर एडवांस प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक्यूप्रेशर पद्धति के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग उपचार का लाभ ले रहे हैं। इस विधा को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने और इसकी संभावनाओं का विस्तार करने की आवश्यकता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि एक्यूप्रेशर पद्धति को सरकार के स्तर पर उचित स्थान और मान्यता मिलने से इस क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों का उत्साह बढ़ेगा। डिप्लोमा एवं डिग्री पाठ्यक्रमों के माध्यम से प्रशिक्षित विशेषज्ञ तैयार किए जा सकेंगे। इसके लिए संस्था के पदाधिकारी आवश्यक दस्तावेज एवं औपचारिकताएं पूरी करें। सरकार की ओर से इस दिशा में हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह विषय किसी व्यक्तिगत स्वार्थ से नहीं, बल्कि मानव कल्याण की भावना से जुड़ा हुआ है।
श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है। प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इसी प्रकार एक्यूप्रेशर पद्धति को भी व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में प्रयास होने चाहिए। भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और जनकल्याणकारी विधाओं को विश्व स्तर पर पहुंचाने की अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ ऐसी उपयोगी चिकित्सा विधाओं के विकास और प्रशिक्षण पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। एक्यूप्रेशर के क्षेत्र का विस्तार होने से उपचार की सुविधाओं के साथ हजारों लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी सृजित हो सकते हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में कार्य करने वाले लोगों सहित चिकित्सकों, पुलिसकर्मियों, मीडिया कर्मियों और अन्य व्यस्त लोगों के लिए अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना बहुत जरूरी है। हमें केवल स्वस्थ रहने की बात नहीं करनी चाहिए, बल्कि अपने जीवन में भी उसका अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने संस्था से जुड़े सभी लोगों से समर्पण और सेवा भाव के साथ इस विधा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
श्री मौर्य ने प्रयागराज में संचालित इस संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यहां स्थापित केंद्र को और व्यापक स्वरूप देने की दिशा में सभी लोग मिलकर योजना बनाएं। प्रयागराज की धरती से इस विधा के विस्तार का ऐसा मार्ग प्रशस्त होना चाहिए, जिसका लाभ देश और दुनिया के लोगों को मिल सके। भारत की वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना के अनुरूप मानवता की सेवा के इस कार्य को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
उन्होंने सम्मेलन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा और समर्पण की भावना से किया गया कार्य निश्चित रूप से समाज के लिए उपयोगी सिद्ध होता है। सरकार प्रत्येक अच्छे और जनकल्याणकारी कार्य में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मा. न्यायमूर्ति श्री राजेश कुमार जी, एक्यूप्रेशर शोध, प्रशिक्षण एवं उपचार संस्थान के अध्यक्ष प्रो. जे.पी. अग्रवाल, श्री एस.के. गोयल, श्री संजय गुप्ता, श्रीमती निर्मला पासवान, मा. विधायक श्री दीपक पटेल, विधान परिषद सदस्य श्री सुरेन्द्र चौधरी, श्री ए.के. द्विवेदी, श्री सुशील खरबंदा, श्री सूर्य प्रकाश केसरवानी, श्री मनमोहन फूल, डॉ. प्रकाश खेतान, श्री विक्रम भदौरिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं देश-विदेश से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here