मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए बार-बार आवेदन करने पर लगेगी रोक, CSC संचालकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण

0
1
Advertisement

गोण्डा – मतदाता सूची में नए मतदाताओं का नाम शामिल कराने के लिए जन सुविधा केन्द्रों (CSC) के माध्यम से किए जाने वाले आवेदनों में एक से अधिक प्रविष्टियों (Multiple Entries) की समस्या को रोकने के लिए निर्वाचन विभाग ने पहल की है। इसके तहत जनपद के सभी जन सुविधा केन्द्र संचालकों को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि एक ही आवेदक का फार्म-6 बार-बार जमा न हो सके।

Advertisement

जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी गोण्डा ने इस संबंध में समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के 05 नवम्बर 2026 के पत्र के क्रम में जारी निर्देशों में कहा गया है कि पात्र नागरिक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित कराने के लिए ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यमों से भी फार्म-6 भरते हैं।

संज्ञान में आया है कि कई बार आवेदकों द्वारा स्वयं अथवा जन सुविधा केन्द्र के माध्यम से ऑनलाइन फार्म-6 जमा करने के बाद मोबाइल नम्बर पर रेफरेन्स नम्बर की सूचना प्राप्त नहीं होने पर दोबारा आवेदन कर दिया जाता है। इससे मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति के नाम की एक से अधिक प्रविष्टियां दर्ज होने की समस्या उत्पन्न होती है।

इस समस्या के समाधान के लिए जन सुविधा केन्द्र संचालकों को SOP में निर्धारित बिन्दुओं पर प्रशिक्षित किया जाएगा। साथ ही सभी बूथ लेवल अधिकारियों (BLO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आवेदक का फार्म-6 एक से अधिक बार दर्ज न होने पाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा की गई कार्यवाही से अवगत कराएं।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here