गुलरिया चीनी मिल के 20वें पेराई सत्र का आगाज, एसपी खीरी ने किया शुभारंभ, 1.35 करोड़ कुंतल पेराई का लक्ष्य

0
12
Advertisement

बिजुआ खीरी। बलरामपुर समूह की गुलरिया चीनी मिल के 20वें पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ शुक्रवार दोपहर 12.20 बजे विधिवत पूजन के साथ किया गया। शुभारंभ कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक लखीमपुर खीरी ख्याति गर्ग रहीं, जबकि क्षेत्राधिकारी गोला जितेन्द्र सिंह परिहार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मिल के मुख्य महाप्रबंधक योगेश कुमार सिंह और बलरामपुर चीनी मिल्स के उपाध्यक्ष मानव संसाधन पी. संदीप ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का संचालन किया।

Advertisement

इस मौके पर मुख्य महाप्रबंधक योगेश कुमार सिंह ने उपस्थित किसानों को मिल चलने की बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी मिल गन्ना मूल्य का भुगतान सरकार द्वारा निर्धारित राज्य परामर्शित मूल्य के अनुसार सबसे पहले करने में अग्रणी रहेगी। इस वर्ष मिल प्रबंधन ने 1 करोड़ 35 लाख कुंतल गन्ना पेराई का लक्ष्य रखा है।

किसानों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि साफ-सुथरा, जड़ और अगोला पत्ती रहित ताजा गन्ना ही मिल को आपूर्ति करें। गन्ने को औने-पौने दामों पर इधर-उधर न बेचें और मिल में आपूर्ति कर अपना बेसिक कोटा बढ़ाएं, जिससे उन्हें आगे अधिक लाभ मिल सके। पिछले सत्र में मिल ने 139.06 लाख कुंतल गन्ने की पेराई कर 5 अरब 61 करोड़ से अधिक का शत-प्रतिशत भुगतान किया था।

कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर एक विशेष पहल भी की गई। पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग और क्षेत्राधिकारी जितेन्द्र सिंह परिहार ने गन्ना लाने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए। उन्होंने बताया कि सर्दियों में कोहरे और रात के अंधेरे में रिफ्लेक्टर न होने से बड़े हादसे होते हैं। रिफ्लेक्टर लगने से वाहन दूर से ही दिखाई देंगे।

पुलिस अधीक्षक ने किसानों और वाहन चालकों से कहा कि आपकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी किसान अपने वाहनों पर अनिवार्य रूप से रिफ्लेक्टर लगवाएं, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
इस अवसर पर गन्ना विकास निरीक्षक ज्ञान प्रकाश तिवारी, बीरा समिति सचिव दिनेश चन्द्र यादव, महाप्रबंधक वाणिज्य तुषार अग्रवाल, महाप्रबंधक गन्ना अनिल कुमार, महाप्रबंधक इंजीनियरिंग संजय सिंह, अपर महाप्रबंधक प्रोडक्शन राकेश कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक डिस्टलरी विनोद मिश्रा और सहायक महाप्रबंधक मानव संसाधन अखिल कुमार सिंह सहित मिल के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नए सत्र के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here