विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को वितरित की जाएंगी टूलकिट, स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की भी होगी बिक्री
गोण्डा – गोण्डा में उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से मंडल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी-2026 का आयोजन 15 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक डॉ. संपूर्णानंद प्रेक्षागृह, टाउन हॉल में किया जाएगा। प्रदर्शनी के माध्यम से खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को प्रोत्साहन देने के साथ ही स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का बेहतर अवसर मिलेगा।
प्रदर्शनी के सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन के लिए जिलाधिकारी द्वारा 20 से अधिक अधिकारियों को विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संबंधित अधिकारियों को प्रदर्शनी स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं, साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रचार-प्रसार एवं आगंतुकों की सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस बार प्रदर्शनी में खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों के साथ जनपद के स्थानीय उत्पादों को भी विशेष स्थान दिया जाएगा। एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत पांच इकाइयों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को टूलकिट का वितरण भी किया जाएगा, जिससे पारंपरिक कारीगरों एवं श्रमिकों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहन मिल सके।
प्रदर्शनी में स्वयं सहायता समूहों के भी स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां समूहों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की बिक्री की जाएगी। इससे महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के विपणन एवं आय बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
इसके साथ ही कृषि विभाग, उद्यान विभाग, डूडा विभाग, पशुपालन विभाग एवं पुष्टाहार विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से संबंधित विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। आमजन को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इच्छुक नागरिक इन स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के साथ पात्रतानुसार उनका लाभ लेने की प्रक्रिया भी जान सकेंगे।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने जनपदवासियों, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमियों से अपील की है कि वे प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सहभागिता करें तथा स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर कारीगरों, उद्यमियों और महिला समूहों का उत्साहवर्धन करें।
यह प्रदर्शनी स्थानीय हुनर को पहचान दिलाने, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगी।






