
सीडीओ की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति की बैठक संपन्न
2433 शौचालयों की पहली किश्त एवं 1974 को द्वितीय किश्त की मिली मंजूरी
अलीगढ़ 27 अक्टूबर 2026 (सू0वि0): मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिला स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में व्यक्तिगत शौचालय के लाभार्थियों को प्रथम किश्त आवंटिन, सामुदायिक शौचालयों की क्रियाशीलता, आरआरसी संचालन एवं स्थल चयन समेत अन्य बिन्दुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। जल संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने एडीओ पंचायतों को निर्देशित किया कि अधिकाधिक तालाबों की खुदाई के लिए एक सप्ताह में एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करें। बैठक में 2433 व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण के लिए लाभार्थियों की प्रथम किस्त आवंटन की स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं 1974 व्यक्तिगत शौचालयों की द्वितीय किस्त के आवंटन को भी मंजूरी दी गई। सामुदायिक शौचालयों की क्रियाशीलता के संबंध में डीपीआरओ ने बताया कि सभी सामुदायिक शौचालयों का सत्यापन कर लिया गया है, 850 के सापेक्ष 814 क्रियाशील एवं 26 बंद है। जिस पर सीडीओ ने सभी सामुदायिक शौचालयों की क्रियाशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चयनित ओडीएफ मॉडल प्लस ग्रामों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए आरआरसी संचालन एवं निर्माण के संबंध में डीपीआरओ ने बताया कि 803 ग्रामों में आरआरसी का निर्माण पूर्ण है जबकि 49 ग्रामों में अभी स्थल चयन नहीं हुआ है। सीडीओ ने स्थल चयन न होने वाली ग्राम पंचायतों में संबंधित उपजिलाधिकारियों से वार्ता कर स्थल चयन की कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने शिफ्टेड एवं मर्ज होने के उपरांत ग्राम पंचायतों को हैण्डओवर किए गए विद्यालयों की उपयोगिता सुनिश्चित करने के साथ ही जर्जर स्कूलों के भवनों को ध्वस्त कराते हुए बाउण्ड्रीवाल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में मरम्मत, शौचालय, पेयजल समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि विद्यार्थियों को कोई असुविधा न हो।
स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही पर सीडीओ सख्त, डीपीआरओ को कड़े निर्देश
जिले में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत स्वच्छता व्यवस्था प्रभावी बनाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने डीपीआरओ यतेंद्र कुमार को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों में घर-घर कूड़ा संग्रहण, कूड़ा संग्रहण केंद्रों का नियमित संचालन, ठोस एवं तरल अपशिष्ट का वैज्ञानिक निस्तारण और सामुदायिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई और क्रियाशीलता सुनिश्चित कराने को कहा है। सीडीओ ने निर्देश दिए कि बंद पड़े कूड़ा संग्रहण केंद्रों और अनुपयोगी सामुदायिक शौचालयों को प्राथमिकता पर चालू कराया जाए। गांवों में खुले में कूड़ा डालने पर रोक लगाने के साथ नियमित सफाई, जलभराव की रोकथाम और स्वच्छता परिसंपत्तियों के रखरखाव की व्यवस्था दुरुस्त की जाए। संबंधित अधिकारी गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर कमियों को समयबद्ध ढंग से दूर कराएं तथा प्रगति की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता कार्यों में लापरवाही, सरकारी धन से निर्मित परिसंपत्तियों के अनुपयोगी रहने अथवा निर्देशों की अवहेलना पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पीडी डीआरडीए आर0के0 कुरील, डीपीआरओ यतेन्द्र सिंह समेत संबंधित जिलास्तरीय अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी पंचायत उपस्थित रहे।











