
अलीगढ़ : भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना को जनआंदोलन का स्वरूप देने और अधिकाधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के शीला गौतम ऑडिटोरियम में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 523 छात्र-छात्राओं को स्व-गणना की प्रक्रिया का प्रशिक्षण देकर उन्हें अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त प्रमोद कुमार, विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रबुद्ध सिंह, सहायक निदेशक कुमार सत्यम, जिला प्रभारी अनिल एवं चंदन सहित विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण में 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है। इसके तहत नागरिक डिजिटल माध्यम से स्वयं अपने परिवार एवं मकान से संबंधित निर्धारित जानकारियां ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना के उपरांत प्राप्त संदर्भ संख्या को सुरक्षित रखना होगा, ताकि प्रगणक के घर पहुंचने पर उसका उपयोग किया जा सके।
विद्यार्थियों को स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया, ऑनलाइन जानकारी भरने के तरीके और व्यक्तिगत सूचनाओं की गोपनीयता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया और जनगणना से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
जिला जनगणना अधिकारी प्रमोद कुमार ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में अपने परिवार की स्व-गणना स्वयं पूर्ण करें और अभिभावकों, रिश्तेदारों, पड़ोसियों एवं अन्य नागरिकों को भी इसके लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग डिजिटल माध्यमों के प्रति सहज है और उसकी सक्रिय भागीदारी से स्व-गणना अभियान को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। बताया गया कि 30 नवम्बर तक स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना संबंधी जानकारी संकलित की जाएगी। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 30 नवम्बर तक स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाएं और जनगणना-2027 में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।









