
अलीगढ़ : मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में किसान दिवस आयोजित किया गया। बैठक में किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए सीडीओ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और खेती-किसानी से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
सीडीओ ने मंडियों में कृषि संबंधी अधिकारियों के नाम एवं मोबाइल नंबर प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए, जिससे किसान अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सीधे संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकें। शीशम के पेड़ों के असमय सूखने की समस्या पर उन्होंने शीशम के पेड़ों को बचाने के लिए आवश्यक एसओपी जारी करने के भी निर्देश दिए। साथ ही वन विभाग को निर्देशित किया कि सूखे पेड़ों को काटने की अनुमति चाहने वाले किसानों की औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कराकर नियमानुसार अनुमति प्रदान की जाए। मंडी सचिव को किसानों की संतुष्टि के अनुरूप पारदर्शी तरीके से उपज की तौल कराने और मंडियों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों को सदैव क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए। जिला उद्यान अधिकारी को कोल्ड स्टोरेज में निर्धारित भंडारण क्षमता से अधिक उपज का भंडारण न होने देने के निर्देश दिए गए। बरसात में खराब हुई बीमित धान की फसल के मुआवजे के प्रकरणों में भी तत्काल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई कराने को कहा गया।
किसान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के बारे में किसानों को जागरूक किया। किसानों से अपने पशुओं को खुला न छोड़ने की अपील भी की गई। कृषि वैज्ञानिक डॉ. अनंत कुमार ने बताया कि जिले में लगभग 90 प्रतिशत गेहूं की बुवाई हो चुकी है। शेष किसान शीघ्र बुवाई पूरी कर लें। उन्होंने बताया कि देर से बुवाई करने वाले किसान कम अवधि में तैयार होने वाली गेहूं की प्रजातियों का चयन करें और खरपतवार नियंत्रण के लिए निर्धारित समय पर खरपतवारनाशी दवाओं का प्रयोग करें। सरसों की अच्छी पैदावार के लिए हल्की सिंचाई करने और प्रति एकड़ पांच किलोग्राम सल्फर का प्रयोग करने की सलाह दी। उन्होंने किसानों को मौसम संबंधी पूर्वानुमान एवं आधुनिक तकनीक का उपयोग कर खेती में संभावित नुकसान से बचने के लिए भी प्रेरित किया।
बैठक में भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष सहित अन्य किसानों ने भी अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे। कई किसानों ने लिखित शिकायतें भी प्रस्तुत कीं, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, अधिशासी अभियंता सिंचाई एवं विद्युत, सहायक निदेशक मत्स्य, एलडीएम, एसएमआई, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, सहायक निबंधक सहकारिता, जिला उद्यान अधिकारी, मंडी सचिव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और किसान बंधु चौधरी नवाब सिंह, प्रमोद कुमार, बीरेंद्र कुमार, भगवती प्रसाद, देवराज सिंह, बच्चू सिंह, दिनेश पचौरी, अजयवीर सिंह, प्रवीण कुमार, अरुण वशिष्ट, गवेंद्र पाल सिंह, प्रदीप सिंह, हीरालाल, सोनू उपस्थित रहे।









