जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक

0
2
Advertisement

सड़कों की मरम्मत कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाय
पाइपलाइन बिछाने, घरेलू नल कनेक्शन एवं ओवरहेड टैंक निर्माण के कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ करें पूरा
जल सारथी ऐप की जनजागरूकता के लिए संचालित किया जाए विशेष अभियान

बहराइच। जनपद के विभिन्न ग्रामों में संचालित पेयजल परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की गहन समीक्षा एवं अनुश्रवण के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को देर शाम विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन मिशन की बैठक सम्पन्न हुई। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी श्री पाण्डेय द्वारा ‘‘हर घर नल से जल’’ के लक्ष्य को साकार करने हेतु पाइपलाइन बिछाने, घरेलू नल कनेक्शन (एफ.एच.टी.सी.) और ओवरहेड टैंक निर्माण के कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये गये।
सड़क मरम्मत (रोड रेस्टोरेशन) कार्य की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों की मरम्मत (रोड रेस्टोरेशन) का कार्य मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने अंतर-विभागीय समन्वय पर बल देते हुए निर्देश दिया कि भूमि विवाद और विद्युत संयोजन/आपूर्ति से जुड़ी बाधाओं का संबंधित विभागों के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी द्वारा विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जलापूर्ति से संबंधित जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। सभी अधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता परखें और शासन को समय-समय पर अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रेषित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य एवं सम्बन्धित कार्मिकों के बीच ‘‘जल सारथी ऐप’’ के उपयोग को बढ़ावा दिया जाय तथा अधिकाधिक लोग जल सारथी ऐप को डाउनलोड कर सकें, इसके लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाय।
जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को कार्यों में तेज़ी लाते हुए गतिशील सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिये गये। डीएम श्री पाण्डेय द्वारा ने सभी सम्बन्धित को सचेत करते हुए कहा कि ‘जल जीवन मिशन’ शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में से एक है। इसलिए गांवों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और किसी भी स्तर पर शिथिलता (लापरवाही) बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, अधि.अभि. जल निगम (ग्रामीण) एवं विद्युत, समस्त सहायक अभियंता, टी.पी.आई. टीम, डी.पी.एम.यू. से जिला समन्वयक, जी.आई.एस., सी.बी.टी., एम.आई.एस. विशेषज्ञ तथा सभी संबंधित कार्यदाई संस्थाओं के प्रोजेक्ट मैनेजर उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here