अलीगढ़ : मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदकों द्वारा एक से अधिक बार आवेदन किए जाने से उत्पन्न होने वाली बहु प्रविष्टियों की समस्या के निराकरण के लिए गुरुवार को अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं नोडल अधिकारी, सीएससी सौरभ भट्ट के निर्देशन में जिले के समस्त जन सेवा केंद्र संचालकों को वर्चुअल माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान सीएससी संचालकों को फॉर्म-6 भरते समय निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से आवेदक का वास्तविक एवं सक्रिय मोबाइल नंबर दर्ज करने, आधार ई-साइन के उपरांत आवेदन का अंतिम सबमिशन सुनिश्चित करने और प्राप्त होने वाले रेफरेंस नंम्बर को सुरक्षित रखने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
यह भी बताया गया कि केवल एसएमएस प्राप्त न होने की स्थिति में आवेदन को असफल नहीं माना जाना चाहिए। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने पर स्क्रीन पर प्रदर्शित होने वाले रेफरेंस नंम्बर का स्क्रीनशॉट अथवा विवरण आवेदक को उपलब्ध कराया जाए, जिससे एक ही व्यक्ति के लिए बार-बार फॉर्म-6 भरने की स्थिति से बचा जा सके।
प्रशिक्षण में आवेदन भरते समय सही नाम, पूर्ण डाक पता एवं पिन कोड दर्ज करने तथा अंतिम सबमिशन से पूर्व आवेदक से समस्त विवरणों का सत्यापन कराने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही तकनीकी समस्या अथवा आवेदन की स्थिति की जानकारी के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 एवं voters.eci.gov.in का उपयोग करने की जानकारी भी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य डुप्लीकेट आवेदनों को रोकना, मतदाता सूची में एक से अधिक प्रविष्टियों की समस्या का प्रभावी निराकरण करना तथा त्रुटिरहित एवं शुद्ध मतदाता नामावली तैयार करने में सीएससी संचालकों की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाना है। प्रशिक्षण में जन सेवा केंद्र संचालकों के अलावा एडीएम प्रशासन सौरभ भट्ट, ईडीएम मनोज राजपूत और सीएससी कार्यदाई संस्था के जिला इंचार्ज नरोत्तम सिंह उपस्थित रहे।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने के संबंध में जन सेवा केंद्र संचालकों को दिया गया प्रशिक्षण
Advertisement
Advertisement
Advertisement









