
जनपद गोण्डा-बहराइच फैजाबाद-आजमगढ़ मार्ग को 10 मीटर चौडा तथा एनएच-330 के अयोध्या-गोण्डा-बलरामपुर खंड के नवीनीकरण तथा राज्य मार्ग-30 के 19.200 किमी हिस्से को 7 से 10 मीटर चौड़ा करने के लिए भारत सरकार सहित अन्य संबंधित उच्चाधिकारियों को पत्र प्रेषित
प्रस्तावित कार्यों से देवीपाटन एवं अयोध्या मण्डल में आवागमन होगा सुगम, सड़क सुरक्षा एवं क्षेत्रीय विकास को मिलेगी गति
बहराइच: देवीपाटन मण्डल की मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने देवीपाटन एवं अयोध्या मण्डल में सड़क अवसंरचना को सुदृढ़ करने तथा आमजन को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यातायात उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-330 के अयोध्यादृगोण्डादृबलरामपुर खंड के नवीनीकरण तथा जनपद गोण्डा में राज्य मार्ग संख्या-30 के 19.200 किलोमीटर लंबे हिस्से के चौड़ीकरण के संबंध में भारत सरकार एवं प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश तथा सचिव, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार को पत्र प्रेषित कर आवश्यक कार्यवाही का अनुरोध किया है।
मण्डलायुक्त ने दोनों महत्वपूर्ण मार्गों की वर्तमान स्थिति, बढ़ते यातायात दबाव तथा आमजन की आवागमन संबंधी आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए इनके नवीनीकरण एवं चौड़ीकरण की आवश्यकता पर जोर दिया है। प्रस्तावित कार्यों से विभिन्न जनपदों के बीच संपर्क व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही यात्रियों, विद्यार्थियों, मरीजों एवं व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की अपेक्षा है।
एनएच-330 के नवीनीकरण से अयोध्यादृगोण्डादृबलरामपुर मार्ग पर आवागमन होगा बेहतर
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-330 का अयोध्यादृगोण्डादृबलरामपुर खंड क्षेत्र की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस मार्ग का अंतिम व्यापक नवीनीकरण वर्ष 2020-21 में कराया गया था। इसके बाद समय-समय पर पैचवर्क किए जाने के बावजूद सड़क की सतह ऊबड़-खाबड़ हो गई है, जिससे वाहन चालकों एवं दैनिक यात्रियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग की वर्तमान स्थिति को देखते हुए इसके समुचित नवीनीकरण एवं आवश्यक अनुरक्षण कार्यों की आवश्यकता है। इस मार्ग के लिए प्रदर्शन आधारित रखरखाव अनुबंध का प्राक्कलन संबंधित कार्यालय को पूर्व में प्रस्तुत किया जा चुका है। मण्डलायुक्त ने सड़क की स्थिति में सुधार तथा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकरण पर आवश्यक कार्यवाही किए जाने के लिए संबंधित उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है।
राज्य मार्ग-30 के 19.200 किमी हिस्से की चौड़ाई 7 से बढ़ाकर 10 मीटर करने का प्रस्ताव
जनपद गोण्डा में बहराइच-फैजाबाद-आजमगढ़ मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-30) के चौनेज 42.900 से 62.100 तक कुल 19.200 किलोमीटर लंबे हिस्से को वर्तमान 7 मीटर चौड़ाई से बढ़ाकर 10 मीटर किए जाने का प्रस्ताव है। जनपद बहराइच में इस मार्ग के संबंधित हिस्से का चौड़ीकरण पहले ही किया जा चुका है। ऐसे में गोण्डा जनपद के शेष हिस्से का चौड़ीकरण होने से मार्ग की चौड़ाई में एकरूपता आएगी और आवागमन अधिक सुविधाजनक हो सकेगा।
यह मार्ग गोण्डा सदर एवं कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्रों सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके माध्यम से बहराइच, श्रावस्ती एवं अयोध्या के नागरिकों का नियमित आवागमन होता है। इसके अतिरिक्त निर्माण सामग्री की ढुलाई में भारी वाहनों के निरंतर संचालन के कारण इस मार्ग पर यातायात का दबाव बना रहता है। मार्ग के आसपास तहसील गोण्डा सदर, गोण्डा नगरपालिका, विभिन्न शैक्षणिक संस्थान, स्वास्थ्य केंद्र तथा थाना कोतवाली सहित अनेक महत्वपूर्ण सार्वजनिक संस्थान स्थित हैं। ऐसी स्थिति में मार्ग का चौड़ीकरण यातायात के बेहतर प्रबंधन, आवागमन की सुगमता तथा सड़क सुरक्षा में सुधार की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
व्यय वित्त समिति से अनुमोदन, अब प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति की आवश्यकता
राज्य मार्ग संख्या-30 के उक्त चौड़ीकरण कार्य को 17 सितंबर 2026 को व्यय वित्त समिति द्वारा अनुमोदित किया जा चुका है। परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए अब आवश्यक प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त किए जाने की कार्यवाही अपेक्षित है। मण्डलायुक्त ने इस संबंध में संबंधित स्तर पर पत्राचार कर कार्यवाही को आगे बढ़ाने की पहल की है।
बेहतर सड़क अवसंरचना से क्षेत्रीय विकास को मिलेगा प्रोत्साहन
मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की इस पहल का उद्देश्य प्रमुख मार्गों की स्थिति में सुधार, यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाना तथा देवीपाटन एवं अयोध्या मण्डल के बीच सड़क संपर्क को सुदृढ़ करना है। प्रस्तावित कार्यों के पूर्ण होने से आमजन को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, परिवहन एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क अवसंरचना क्षेत्रीय विकास को गति देने तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यातायात उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इन मार्गों के प्रस्तावित कार्य पूर्ण होने से देवीपाटन एवं अयोध्या मंडल के विभिन्न जनपदों के नागरिकों को दैनिक यात्रियों विद्यार्थियों मरीजों एवं व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलने की अपेक्षा है।





